गुरुग्राम के श्मशान में चिता के पास बैठे शख्स को टोका तो मचा बवाल, घर पहुंचकर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
गुरुग्राम के श्मशान घाट पर चिता के पास बैठे अंजान युवकों को हटने के लिए कहने पर विवाद हो गया। ...और पढ़ें
-1792514912370_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
श्मशान में अंजान युवकों को टोकने पर हुआ विवाद।
आरोपितों ने बाद में घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग।
पुलिस ने एक आरोपित की पहचान कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र के गढ़ी वाजिदपुर गांव में मंगलवार शाम महिला की चिता के पास बैठे अंजान युवकों को हटने के लिए कहना एक परिवार को भारी पड़ गया।
पहले श्मशान स्थल में ही मारपीट की गई और बाद में आरोपित साथियों के साथ घर पहुंचे और फायरिंग की। वारदात में आधा दर्जन राउंड फायर हुए, जिसमें दो गोलियां घर की खिड़की के शीशों पर लगीं।
चिता के पास बैठा था दो अंजान युवक
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामअवतार का गांव में ही कार वैलेटिंग सेंटर है। परिवार में दूर के रिश्ते की भाभी का निधन हो गया था। मंगलवार दोपहर श्मशान स्थल में अंतिम संस्कार किया गया। परिवार घर लौट आया, लेकिन कुछ देर बाद रामअवतार कुछ रस्में पूरी करने दोबारा श्मशान पहुंचे तो देखा कि चिता के पास दो अंजान युवक बैठे हैं।
श्मशान से ही मारपीट शुरू
उन्होंने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो युवक नाराज हो गए। कहासुनी के बाद उन्होंने रामअवतार और स्वजन के साथ श्मशान में ही मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह मामला शांत हुआ। आरोप है कि शाम करीब सात बजे चार युवक कार में सवार होकर रामअवतार के घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। घटना से परिवार में दहशत फैल गई।
मामले की जांच में जुटी टीम
आरोपित वारदात के बाद फरार हो गए। सूचना पर भोंडसी थाना पुलिस, सीन आफ क्राइम व फारेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस के अनुसार एक आरोपित की पहचान हो चुकी है, जो गढ़ी वाजिदपुर गांव का ही रहने वाला है। भोंडसी थाना पुलिस के अनुसार मौके से दो खोल बरामद किए गए हैं। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
