विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम की बढ़ती आबादी के लिए 100 एमएलडी का नया जल शोधन प्लांट

Published: Tue, 20 Oct 2026 04:21 PM (IST)

गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आबादी और पेयजल की मांग को देखते हुए जीएमडीए चंदू बुढ़ेड़ा प्लांट में 100 एमएलडी की नई जल शोधन इकाई स्थापित करेगा।

100 एमएलडी का नया जल शोधन प्लांट ( एआई जेनरेटेड इमेज )

100 एमएलडी का नया जल शोधन प्लांट ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. चंदू बुढ़ेड़ा में 100 एमएलडी की नई इकाई स्थापित होगी।

  2. द्वारका एक्सप्रेसवे के पास के सेक्टरों को मिलेगा लाभ।

  3. परियोजना 24 महीने में पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और पेयजल की मांग को देखते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है।

इसके तहत चंदू बुढ़ेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में सौ एमएलडी क्षमता की छठी ट्रीटमेंट यूनिट स्थापित की जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ में हुई हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में परियोजना के टेंडर को मंजूरी दे दी गई।

नई यूनिट के शुरू होने से द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ विकसित हो रहे सेक्टर-81 से 115 और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।

नए गुरुग्राम की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने की तैयारी

द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास तेजी से विकसित हो रही आवासीय सोसायटियों और नए सेक्टरों में आबादी बढ़ने के साथ पेयजल की मांग भी लगातार बढ़ रही है।

सौ एमएलडी की नई यूनिट से अतिरिक्त पानी को शोधित कर आपूर्ति व्यवस्था में शामिल किया जा सकेगा। इससे मौजूदा रिहायशी क्षेत्रों के साथ-साथ नए विकसित हो रहे सेक्टरों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

15 एकड़ में विकसित होगा नया यूनिट

चंदू बुढ़ेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में 15 एकड़ भूमि पर नई यूनिट स्थापित की जाएगी। परियोजना के तहत पानी के भंडारण के लिए क्लियर वाटर रिजर्वायर, कच्चे और शोधित पानी की पंपिंग व्यवस्था तथा स्लज को मशीनों से सुखाने की सुविधा विकसित की जाएगी।

इसके अलावा प्लांट को जीएमडीए के सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्विजिशन (एससीएडीए) नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। परियोजना का काम आवंटन के 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दोनों प्लांट से रोजाना 770 एमएलडी पानी की आपूर्ति

वर्तमान में जीएमडीए चंदू बुढ़ेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से करीब 500 एमएलडी और बसई प्लांट से 270 एमएलडी पानी की आपूर्ति कर रहा है। इस तरह दोनों प्लांटों से प्रतिदिन लगभग 770 एमएलडी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

चंदू बुढ़ेड़ा में नई यूनिट शुरू होने के बाद वहां की जलशोधन क्षमता में सौ एमएलडी की अतिरिक्त वृद्धि होगी।

2051 तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार हो रही योजना

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि गुरुग्राम की तेजी से बढ़ती आबादी के मद्देनजर बुनियादी सुविधाओं की क्षमता बढ़ाना जरूरी है। चंदू बुढ़ेड़ा में अतिरिक्त यूनिट स्थापित होने से पानी की उपलब्धता बढ़ाने और मौजूदा व नए सेक्टरों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण वर्ष 2051 तक गुरुग्राम की जलापूर्ति संबंधी जरूरतों का आकलन कर रहा है।

यह भी पढ़ें- 50 लाख के ऊपर और मिलेगी मदद? PM मोदी से अंतरिम फंडिंग की मांग; NPRD में 164 गंभीर बीमारियों के लिए मिलती है यह हेल्प