गुरुग्राम में EV मालिकों की मुसीबत, बेसमेंट में चार्जर लगाने से 600+ हाई राइज सोसायटियों की फायर NOC अटकी
गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक वाहनों के मालिकों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि बेसमेंट पार्किंग में लगाए गए चार्जिंग पॉइंट के ...और पढ़ें

बेसमेंट में पिलर में इस तरह लिए गए है चार्जिंग कनेक्शन। जागरण
HighLights
बेसमेंट ईवी चार्जिंग से गुरुग्राम की एनओसी अटकी
अग्निशमन विभाग ने इसे असुरक्षित बताया, आग का खतरा
आरडब्ल्यूए ग्राउंड पार्किंग में ढूंढ रहे वैकल्पिक समाधान
संदीप रतन, गुरुग्राम। अगर आप इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) खरीदने जा रहे हैं तो पहले उसे चार्ज करने के लिए सुरक्षित चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था कर लें। क्योंकि गुरुग्राम की हाईराइज सोसायटियों की फायर एनओसी इसलिए अटक गई है, क्योंकि ईवी मालिकों ने नियमों को ताख पर रखकर बेसमेंट पार्किंग के पिलरों पर ईवी चार्जिंग प्वाइंट लगा लिए हैं।
अग्निशमन विभाग ने ऐसी सोसायटियों को फायर एनओसी देने से इनकार कर दिया है, जहां बेसमेंट के पिलर्स पर चार्जिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। विभाग का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था आग लगने के लिहाज से असुरक्षित है। इस फैसले से शहर के 600 से ज्यादा हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बता दें कि अब लगातार ईवी का चलन बढ़ रहा है। औसतन गुरुग्राम की बड़ी सोसायटियों में 10 से 20 ईवी कारें हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या में और भी इजाफा होने की उम्मीद है।
बेसमेंट के पिलर चार्जिंग पर सख्ती
दमकल विभाग के अनुसार, बेसमेंट में पिलरों पर लगाए गए चार्जिंग प्वाइंट शार्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की स्थिति में बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। बंद जगह होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा अधिक रहता है और धुआं बाहर निकलने में भी बाधा आती है। इसी वजह से विभाग ने ऐसी सभी सोसायटियों की फायर एनओसी पर आपत्ति जताई है और चार्जिंग प्वाइंट हटाने के निर्देश दिए हैं।

मानेसर में भी कई सोसायटियां प्रभावित
मानेसर क्षेत्र में ही करीब पांच से छह बड़ी हाईराइज सोसायटियों की एनओसी पर आपत्ति दर्ज की गई है। एनओसी नहीं मिलने के कारण इन सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खासतौर पर ईवी मालिकों के लिए वाहन चार्ज करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। कई लोगों को बाहर जाकर चार्जिंग करनी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।
नई गाड़ियां खरीदने वालों में असमंजस
इस फैसले का असर उन लोगों पर भी पड़ रहा है जो नई इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने की योजना बना रहे हैं। चार्जिंग की सुविधा को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द ही सुरक्षित और मानकीकृत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित नहीं किया गया तो ईवी अपनाने की रफ्तार पर असर पड़ सकता है।
आरडब्ल्यूए ने निकाला वैकल्पिक समाधान
सोसायटियों की फायर एनओसी पर आपत्ति के बाद अब आरडब्ल्यूए ने बेसमेंट के बजाय ग्राउंड पार्किंग में चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने शुरू कर दिए हैं। पहले जहां ईवी मालिक अपनी-अपनी पार्किंग में पिलर्स पर चार्जर लगा रहे थे, अब उन्हें कामन एरिया में शिफ्ट किया जा रहा है। इससे जोखिम को कम करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन कार चार्ज करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बोले, हटा दिए चार्जर
नए गुरुग्राम के सेक्टर 86 स्थित माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष केएल वर्मा का कहना है कि अग्निशमन विभाग की आपत्ति के बाद ग्राउंड पार्किंग में चार्जिंग प्वाइंट लगाए गए हैं, जहां सोसायटी के लोग अपना ईवी चार्ज कर रहे हैं।
वहीं, एनटीएच 91 सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सचिन वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से आई आपत्ति के बाद बेसमेंट से चार्जिंग प्वाइंट बंद कर दिए गए हैं और अब चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने वाली कंपनियों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि ग्राउंड पर ही सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिन सोसायटियों के बेसमेंट में ईवी के चार्जिंग प्वाइंट लगे हैं, उनकी फायर एनओसी पर आपत्ति भेजी गई है और चार्जर हटाने के लिए कहा गया है। क्योंकि यह सुरक्षित नहीं है।
-ललित वर्मा, एफएसओ दमकल केंद्र मानेसर।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अवैध बैंक्वेट हॉल और मैरिज पैलेस पर Bulldozer Action की तैयारी, डीटीपी ने जारी किए नोटिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।