भारी बारिश से दिल्ली-जयपुर हाईवे का एक हिस्सा धंसा, दो लेन बंद; कई किमी लगा लंबा जाम, एडवाइजरी जारी
भारी बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे दो लेन बंद ...और पढ़ें
-1783425410679_m.webp)
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से दो लेन को तत्काल बंद करना पड़ा।
HighLights
नर्सिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे का हिस्सा धंसा।
भारी बारिश और निर्माण कार्य को प्रारंभिक कारण माना गया।
दो लेन बंद होने से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मंगलवार दोपहर शुरू हुई तेज बारिश के बीच दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नर्सिंहपुर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से दो लेन को तत्काल बंद करना पड़ा। इससे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और हीरो होंडा चौक से खेड़की दौला टोल प्लाजा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम तक हजारों वाहन जाम में फंसे रहे।
नर्सिंहपुर में हाईवे के दोनों ओर बनी खुली ड्रेन को जोड़ने के लिए ट्रेंचलेस बैरल (पाइप जैकिंग) तकनीक से पाइप डालने का कार्य चल रहा है। प्रारंभिक आशंका है कि निर्माण कार्य के दौरान हुई मिट्टी की कमजोर पकड़ और लगातार हुई भारी वर्षा के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया। हालांकि, सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
दोपहर 2 बजे शुरू हुई वर्षा से बिगड़े हालात
दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई वर्षा शाम चार बजे तक लगातार जारी रही। लगातार वर्षा के कारण शहर की अधिकांश प्रमुख सड़कों पर भी जलभराव और धीमी रफ्तार से यातायात चलता रहा। इसका सबसे अधिक असर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर देखने को मिला, जहां दो लेन बंद होने से वाहनों की आवाजाही काफी प्रभावित हुई।
यातायात संभालने में जुटा प्रशासन
घटना के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने प्रभावित हिस्से पर बैरिकेडिंग करने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद ही बंद लेन को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।
पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
7 जुलाई 2026 को अचानक तेज बारिश आने के कारण NH 48 पर दिल्ली से जयपुर जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग नरसिंहपुर के पास मुख्य सड़क मार्ग धस गया है। जिस कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दिल्ली की ओर से जयपुर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित रूट डायवर्जन किए गए हैं:
- राजीव चौक से बाएं मुड़कर SPR रोड का प्रयोग करें।
- हीरो होंडा चौक से बाएं मुड़कर आगे चलकर SPR रोड का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य में स्थान की ओर जाएंगे।
- दिल्ली से द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हुए वाहन चालक अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बाद थमी रफ्तार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर लगा 10 किमी तक लंबा जाम
