विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मतांतरण की पाठशाला: दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक हजार छात्र एनजीओ के वालिंटियर, पुलिस जांच जारी

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:56 PM (IST)

गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला मामले में पुलिस जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। पता चला है कि बच्चों को पढ़ाने की आड़ में मतांतरण किया जा रहा था। पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम में मंतातरण की पाठशाला (फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में मंतातरण की पाठशाला (फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. पुलिस जांच में मतांतरण पाठशाला के नए तथ्य सामने आए।

  2. दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक हजार छात्र एनजीओ के वालिंटियर थे।

  3. संचालक ने बच्चों को परमेश्वर के सामर्थ्य का प्रचार करने को कहा।

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जांच में पता चला है कि जिस एनजीओ पैशन मूवमेंट पर बच्चों को पढ़ाने की आड़ में मतांतरण के लिए प्रेरित करने का आरोप है, उसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के करीब एक हजार छात्र भी वालिंटियर के रूप में जुड़े हुए थे।

पुलिस को सौंपे गए कई फुटेज  

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने एनजीओ की गतिविधियों को लेकर कई वीडियो और फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। इनमें करीब एक मिनट का एक वीडियो सबसे अहम माना जा रहा है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह वीडियो एनजीओ संचालक डॉ पीटर मलकर का है। वह वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसी संस्था या व्यक्ति को अपने एनजीओ के बारे में जानकारी दे रहा है। वीडियो की क्वालिटी और बैकग्राउंड से लग रहा है कि यह किसी फंडिंग या प्रेजेंटेशन मीटिंग का हिस्सा हो सकता है।

1 हजार छात्र एनजीओ वालिंटियर

वीडियो में संचालक खुद कह रहा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के करीब एक हजार छात्र उसके एनजीओ के वालिंटियर हैं और वह उसके कार्यक्रमों में आते रहते हैं। एक मिस इंडिया हैं, वह भी कार्यक्रमों में आ चुकी हैं। वीडियो में सबसे गंभीर दावा यह है कि संचालक अपने वालिंटियर को यह निर्देश देता है कि बच्चों की पाठशाला के दौरान रीति में परमेश्वर के सामर्थ्य का भी प्रचार करें।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बच्चों के लिए चलाई जा रही पाठशाला में सामान्य शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक प्रचार भी किया जा रहा था और इसके लिए छात्रों के नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वीडियो फुटेज की हो रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सौंपे गए वीडियो और फुटेज की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह वीडियो कब का है, कितने दिन पुराना है, इसकी लोकेशन क्या है और इसे किस संदर्भ में बनाया गया था।

साथ ही वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि के लिए दिल्ली के छात्रों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की संभावना पर विचार किया जा रहा है।

गांव घाटा में संचालित मतांतरण की पाठशाला का 14 नवंबर को गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया था। इस दौरान चार महिलाओं को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ में बुधवार को दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से एनजीओ का कामकाज संभालवने वाले आरोपित प्रबीन को गिरफ्तार किया गया। तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

आरोपित से एनजीओ की फंडिंग और मुख्य आरोपित ईसाई दंपती के बारे में जानकारी ली गई। सेक्टर 56 थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- हत्या कर सीवरेज टैंक में दबाया शव, गलाने के लिए डाली नमक की बोरी; गुरुग्राम के सेक्टर-65 में बदबू आने पर खुला राज 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।