अमेरिकी महिला और उसके पति की तलाश में जुटी गुरुग्राम पुलिस: NGO के नाम पर चला रहे थे मतांतरण का नेटवर्क, LOC जारी
गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला का पर्दाफाश हुए 15 दिन हो गए हैं, लेकिन मास्टरमाइंड ईसाई दंपती अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

15 दिनों से लटका है घर पर ताला। जागरण
HighLights
मतांतरण रैकेट के मास्टरमाइंड दंपती 15 दिन से फरार।
पुलिस ने विदेश भागने की आशंका पर LOC जारी किया।
बच्चों को एनजीओ के नाम पर ईसाई धर्म की ओर खींचा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला का पर्दाफाश हुए 15 दिन बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अब तक इस रैकेट के मास्टरमाइंड ईसाई दंपती तक नहीं पहुंच पाई है। उनकी लोकेशन तक पुलिस को नहीं मिल पाई है। विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस ने कुछ दिन पहले ही उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया है।
14 नवंबर को घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला का पर्दाफाश किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वहां छापा मारा था। मौके से चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। उन चारों महिलाओं की अब जमानत हो चुकी है। उनसे पूछताछ के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने आरोपित प्रबीन को 18 नवंबर को दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
बच्चों को धीरे-धीरे ईसाई धर्म की ओर करते थे आकर्षित
पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने मतांतरण के प्रयास की बात स्वीकार की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बताया कि पाठशालाओं के जरिए बच्चों को धीरे-धीरे ईसाई धर्म की तरफ आकर्षित किया जाता था।
उन्हें प्रार्थना, किताबें और अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया जाता था। ये पाठशालाएं एनजीओ के नाम पर चलाई जा रही थीं, ताकि किसी को शक न हो। एनजीओ संचालक डॉ. पीटर जान मलकर है। वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर एनजीओ चलाता है। उसकी पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जाती है।
विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस ने इनके खिलाफ 25 नवंबर को लुकआउट सर्कुलर जारी कराया था। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने बताया कि टीमें लगी हुई हैं। आरोपित के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- अपराधी का पीछा कर रही UP पुलिस टीम के सिपाही की गुरुग्राम में मौत, टोल प्लाजा पर बिगड़ी थी तबीयत