विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आसान हुए GST नियम: कारोबारियों को बड़ी राहत, व्यापार और निवेश को मिलेगी नई उड़ान

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:53 AM (GMT+05:30)

जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण और कानूनी जटिलताओं में कमी से कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे उद्योगों ...और पढ़ें

जीएसटी नियमों में बदलाव। (AI-Generated image)

जीएसटी नियमों में बदलाव। (AI-Generated image)

HighLights

  1. जीएसटी प्रक्रियाएं सरल होने से कारोबारियों को मिलेगी राहत

  2. अभियोजन की मौद्रिक सीमा 1 करोड़ से 5 करोड़ हुई

  3. निवेश और व्यापार विस्तार को मिलेगा प्रोत्साहन, रोजगार बढ़ेंगे

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जीएसटी प्रक्रियाएं सरल होने, कानूनी जटिलताओं में कमी आने और कर अनुपालन का बोझ घटने से कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे उद्योगों की कार्यशील पूंजी बेहतर होगी और निवेश व कारोबार विस्तार को बढ़ावा मिल सकता है।

आठ अक्टूबर को हुई जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में प्रस्तावित सुधारों का फेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (एफआइआइ) ने स्वागत किया है। संगठन ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व की सराहना की।

एफआइआइ हरियाणा के चेयरमैन विनोद बापना ने कहा कि जीएसटी मामलों में गिरफ्तारी और अभियोजन संबंधी प्रावधानों की समीक्षा तथा अभियोजन की मौद्रिक सीमा एक करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण है।

सामान्य जुर्माने में कमी और प्रक्रियाओं के सरलीकरण से भी व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कर वापसी में तेजी और अनावश्यक कानूनी उलझनों में कमी से कारोबारियों को अपनी कार्यशील पूंजी का बेहतर इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा।

एफआइआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक जैन ने कहा कि जीएसटी पंजीकरण को आसान बनाने, तकनीक के इस्तेमाल से प्रक्रियाओं में तेजी लाने और कर वापसी व्यवस्था को बेहतर करने जैसे कदम कारोबारी माहौल मजबूत करेंगे। सरल और पारदर्शी कर प्रणाली से व्यापारियों का विश्वास बढ़ेगा।

इससे निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुधारों का लाभ छोटे-बड़े सभी कारोबारियों तक पहुंचेगा और देश की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- छोटे कारोबारियों के लिए GST नियम हुए आसान, 3 दिन में मिलेगा ऑटोमैटिक रजिस्ट्रेशन; EBIA ने फैसलों का किया स्वागत

यह भी पढ़ें- GST नियमों में होंगे बड़े बदलाव: गिरफ्तारी का डर खत्म, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी आसान!