गुरुग्राम में MG रोड पर बनेगा अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर? सिकंदरपुर में ट्रैफिक सुधारने की कवायद शुरू
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एमजी रोड को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की कवायद शुरू की है, जिसमें पैदल यात्रियों की सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने पर जोर है।

निरीक्षण के दौरान एमजी रोड पर सोसायटियों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से बातचीत करते जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा। सौजन्य- प्रवक्ता
HighLights
एमजी रोड पर पैदल सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने के लिए जीएमडीए की पहल।
आईएफसीओ चौक के व्यापक पुनर्विकास की योजना तैयार होगी।
सिकंदरपुर में अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर की संभावना जांचेगा जीएमडीए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर के एमजी रोड को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने कवायद शुरू कर दी है।
सोमवार को जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने एमजी रोड का निरीक्षण कर पैदल यात्रियों की सुरक्षा, फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने, पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमजी रोड से सटी सोसायटियों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। सीईओ ने फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए।
पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थानों पर पेडेस्ट्रियन सिग्नल और क्रासिंग बनाने की संभावना भी तलाशने को कहा गया।
यह भी पढ़ें- अब मालगाड़ी के नीचे से नहीं गुजरेंगे ग्रामीण! रामगढ़ में 12 करोड़ से बन रहा अंडरपास, 3000 लोगों को होगा लाभ
दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल, अवैध तार व साइन बोर्ड हटाने, जंगली वनस्पति की सफाई, पौधरोपण तथा क्षतिग्रस्त मैनहोल और बोलार्ड की मरम्मत पर भी जोर दिया गया। एमजी रोड पर निगरानी के लिए गठित विशेष पेट्रोलिंग टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी।
IFFCO चौक के पुनर्विकास की बनेगी योजना
पीसी मीणा ने आइएफएफसीओ चौक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग को एनएचएआइ के साथ समन्वय कर चौक के व्यापक पुनर्विकास की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
यातायात विशेषज्ञ की मदद से मौजूदा ट्रैफिक पैटर्न का अध्ययन कर यातायात और पैदल आवाजाही को बेहतर बनाने के उपाय सुझाए जाएंगे।
सिकंदरपुर में अंडरपास की संभावना
सिकंदरपुर में यातायात व्यवस्था की समीक्षा के बाद अंडरपास या एलिवेटेड कारिडोर की संभावना जांचने के निर्देश दिए गए। इसके लिए ट्रैफिक कंसल्टेंट से अध्ययन कराया जाएगा और तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर डीपीआर तैयार होगी।
वहीं, माल के पास एमजी रोड पर फुटओवर ब्रिज की संभावना भी तलाशी जाएगी। घिटोरनी की ओर से आने वाले प्रवेश मार्ग के आसपास सड़कों और ग्रीन बेल्ट को भी विकसित करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- कानपुर-बांदा रेल मार्ग पर अंडरपास में जलभराव, हमीरपुर के 6 गांवों का टूटा संपर्क
