विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा का मोस्टवांटेड गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव दुबई से गिरफ्तार, एसटीएफ ने शुरू की प्रत्यर्पण प्रक्रिया

Published: Thu, 09 Apr 2026 01:00 AM (IST)

गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव, जो गुरुग्राम और हरियाणा में कई आपराधिक वारदातों में शामिल था, दुबई में गिरफ्तार कर लिया ...और पढ़ें

गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव दुबई से गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव

गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव दुबई से गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. गैंगस्टर इंद्रजीत यादव दुबई में गिरफ्तार, प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू

  2. जनवरी 2025 में आयकर छापे के दौरान देश से भागा था

  3. ईडी ने 90.04 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम समेत एनसीआर और हरियाणा में बीते कई सालों में हुई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव पर आखिरकार शिकंजा कस ही गया।

उसे बीते दिनों दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया। इंटरपोल की तरफ से भारतीय एजेंसियों को इंद्रजीत की गिरफ्तारी की जानकारी कुछ समय पहले ही दी गई। हरियाणा एसटीएफ की ओर से अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हरियाणा एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जनवरी 2025 में आयकर की छापेमारी के दौरान इंद्रजीत सिंह यादव चोरी छिपे देश छोड़कर अपने पासपोर्ट पर दुबई फरार हो गया था।

गैंगस्टर के साथ इसकी संलिप्तता के बारे में हरियाणा पुलिस को पहले से ही खबर थी, लेकिन कोई पुख्ता सबूत नहीं थे। आयकर के छापे के दौरान हरियाणा पुलिस ने भी जब शिकंजा कसने की तैयारी की तो यह भाग निकला।

हिमांशु भाऊ गैंग के साथ ऑडियो हुआ था वायरल 

दुबई में होने के दौरान इंद्रजीत और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच हुई एक बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इसकी गैंगस्टर के साथ संलिप्तता की बात जगजाहिर हो गई। झज्जर के एक फायनेंसर की हत्या के मामले में इसका नाम पिछले साल सामने आया।

इसके बाद जुलाई, अगस्त, सितंबर में गुरुग्राम में एक के बाद एक हुई कई वारदातों में जब विदेश में बैठे गैंगस्टर ने इंटरनेट मीडिया पर जिम्मेदारी ली तो उसमें इंद्रजीत सिंह यादव का नाम भी लिखा मिला।

हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया की गाड़ी पर फायरिंग हो या उसके दोस्त व फायनेंसर रोहित शौकीन की हत्या या फिर मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की घटना। सभी में इंटरनेट मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले नोट पर इंद्रजीत सिंह का नाम था।

सुनील सरढानिया की गिरफ्तारी के बाद से ही था एसटीएफ की राडार पर

गुरुग्राम में हुई तीनों ही फायरिंग की वारदात में गैंगस्टर सुनील सरढानिया ने जिम्मेदारी ली थी। इसे पिछले साल अमेरिका में डंकी रूट से घुसते समय अमेरिकी एजेंसियों ने पकड़ लिया था। भारत में प्रत्यर्पण के बाद सुनील सरढानिया से गैंगस्टर इंद्रजीत यादव के संबंधों के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद से ही यह एसटीएफ के राडार पर था। हरियाणा एसटीएफ ने इंद्रजीत के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर और इंटरपोल नोटिस जारी कराए। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों पहले इंटरपोल ने इसे अबू धाबी से गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ ने शुरू की प्रत्यर्पण की कार्रवाई

इंटरपोल द्वारा भारतीय एजेंसियों से गिरफ्तारी की जानकारी साझा करने के साथ ही हरियाणा एसटीएफ ने गृह मंत्रालय से पत्राचार कर इसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसटीएफ अधिकारी के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही इसे भारत लाया जा सकेगा। इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इन सभी मामलों में आरोपित से पूछताछ की जाएगी।

फरवरी में ईडी ने भी की थी कार्रवाई

फरवरी के अंतिम सप्ताह में ईडी के गुरुग्राम जोनल आफिस ने मनी लान्ड्रिंग के एक बड़े मामले में गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव की 90.04 करोड़ की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच कर दी थी। ईडी ने जांच की शुरुआत हरियाणा और यूपी पुलिस द्वारा दर्ज 15 से अधिक एफआइआर और दाखिल चार्जशीट के आधार पर की थी।

जांच में सामने आया था कि इंद्रजीत सिंह यादव जो जेम रिकार्ड इंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड का मालिक है। एक आपराधिक प्रकृति का व्यक्ति है और हत्या, रंगदारी, धोखाधड़ी, जमीन कब्जा तथा निजी फाइनेंसरों के कर्ज की जबरन वसूली जैसे मामलों में शामिल रहा है।

कई बार समन, नोटिस देने के बावजूद गैंगस्टर यादव जांच में शामिल नहीं हुआ और दुबई में रहकर कानून की प्रक्रिया से बचता रहा। यह भी आरोप है कि गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव अपने गैंग के जरिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अवैध तरीके से पैसे वसूलता है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम अपहरण कांड में खुलासा, चार लोगों ने साजिश रचकर की थी वारदात; मुख्य आरोपी के पिता बरेली से गिरफ्तार