फरीदाबाद से बाइक राइडिंग पर निकले युवक की हादसे में मौत, डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार पल्सर
फरीदाबाद से गुरुग्राम बाइक राइडिंग पर आए 21 साल के युवक की बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में ...और पढ़ें

तेज रफ्तार बाइक सवार की सड़क दुर्घटना में मौत।
HighLights
फरीदाबाद के युवक राजीव की गुरुग्राम में मौत।
तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने से हादसा।
बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। फरीदाबाद से गुरुग्राम बाइक राइडिंग पर आए 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रविवार सुबह ग्वाल पहाड़ी चौकी क्षेत्र में बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास फ्लाइओवर पर हुआ।
तेज रफ्तार पल्सर बाइक फ्लाइओवर से उतरते समय अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से सिर टकराने से युवक की मौत हो गई।
तेज रफ्तार के कारण आगे निकल गए दोस्त
मृतक की पहचान फरीदाबाद के गाजीपुर रोड स्थित उत्तम नगर निवासी राजीव उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजीव रविवार सुबह करीब छह बजे अपने दोस्तों के साथ बाइक राइडिंग के लिए निकले थे। सभी दोस्त अलग-अलग बाइकों पर थे। तेज रफ्तार होने के कारण राजीव अपनी पल्सर बाइक पर दोस्तों से काफी आगे निकल गए।
अचानक अनियंत्रित होकर स्लिप हुई बाइक
पुलिस ने बताया कि बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास फ्लाइओवर से उतरते समय उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। बाइक गिरते ही राजीव का सिर सड़क के बीच लगे डिवाइडर से टकरा गया।
हादसे में उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। पीछे आ रहे दोस्तों ने तुरंत उन्हें संभाला और पास के निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
ग्वाल पहाड़ी चौकी पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार में बाइक स्लिप होने से हुआ प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के अनुसार, राजीव फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के तावडू रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने तीन युवकों को रौंदा, दो की मौत और एक गंभीर रूप से घायल
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में धूल प्रदूषण नियंत्रण, अधिकारियों को मिली जोनवार निगरानी की जिम्मेदारी
