एकादशी पर खाटूश्याम मंदिर जाने वालों के लिए गुड न्यूज, दिल्ली सराय रोहिल्ला से रींगस के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने एकादशी पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच विशेष अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

दिल्ली सराय रोहिल्ला से रींगस के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन। फाइल फोटो
HighLights
एकादशी पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के लिए विशेष ट्रेन।
दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच चलेगी यह ट्रेन।
18 से 22 नवंबर तक कुल चार-चार फेरे लगाएगी।
संवाद सहयोगी, गुरुग्राम। एकादशी के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच विशेष अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 04472/04471 नंबर की यह विशेष ट्रेन 18 से 22 नवंबर तक निर्धारित दिनों में कुल चार-चार फेरे लगाएगी।
क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला से 18 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन रवाना होगी। यह शाम 7:10 बजे प्रस्थान कर शाम 7:48 बजे गुरुग्राम और 8:05 बजे पटौदी रोड पहुंचेगी। यहां दो मिनट ठहराव के बाद रात 10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इसके बाद नारनौल और नीम का थाना होते हुए रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04471 रींगस से 19 से 22 नवंबर तक चलेगी। यह रात 2 बजे रवाना होकर सुबह 5:20 बजे पटौदी रोड तथा 5:48 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी। इसके बाद दिल्ली छावनी होते हुए सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
ट्रेन में रहेंगे सामान्य श्रेणी के 18 डिब्बे
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार ट्रेन में जीएस और एसएलआर कोच सहित कुल 18 सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे। दैनिक रेल यात्री संघ पटौदी रोड के अध्यक्ष योगेंद्र चौहान ने ट्रेन चलाने का स्वागत करते हुए कहा कि इस ट्रेन का संचालन यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को समायोजित करने में सहायक सिद्ध होगा।