रिहायशी कोठियों में चल रहे थे क्लीनिक और दफ्तर, गुरुग्राम के DLF फेज-2 में DTPE ने सील कीं 11 इमारतें
डीएलएफ फेज-दो में रिहायशी मकानों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का सीलिंग अभियान जारी ...और पढ़ें

अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई करते डीटीपीई अमित मधोलिया, एटीपी दिव्या दहिया और उनकी टीम। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-दो में रिहायशी मकानों में नियमों के विरुद्ध संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का सीलिंग अभियान शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (डीटीपीई) की टीम ने शनिवार को 11 इमारतों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।
कार्यालय, क्लीनिक और गेस्ट हाउस पर कार्रवाई
जिन पर कार्रवाई की गई, उनमें बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक संचालित कार्यालय, प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी, क्लीनिक, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शामिल हैं।
कुछ इमारतों में प्लाट को आपस में जोड़कर अतिरिक्त निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं। पूरी कार्रवाई के दौरान विभाग की एटीपी दिव्या दहिया मौजूद रहीं।
शनिवार को बोगनविलिया मार्ग (बीवीएम)-दो स्थित पूरी इमारत को सील कर दिया गया। यहां सुपर मार्केट, स्किन केयर क्लीनिक और ट्रैवल एजेंसी का कार्यालय संचालित हो रहा था।
बीवीएम-पांच की पहली मंजिल पर चल रहे कार्यालय को सील किया गया। बीवीएम-11 स्थित विकास बिल्डर्स के कार्यालय वाली पूरी इमारत को सील कर दिया गया।
वहीं, बीवीएम-19 में बेसमेंट में व्यावसायिक स्टोरेज और भूतल पर बत्रा प्रॉपर्टीज सहित अन्य प्रॉपर्टी डीलर कार्यालयों पर कार्रवाई की गई।
आकाशनीम मार्ग पर भी व्यापक कार्रवाई
आकाशनीम मार्ग (एएनएम)-78 स्थित एस प्लस फोर इमारत को पूरी तरह सील कर दिया गया। यहां आर्किटेक्ट सुमित धवन का इंटीरियर डिजाइनिंग कार्यालय संचालित हो रहा था।
एएनएम-106 और एएनएम-107 में प्लाट को आपस में जोड़कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामले में पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील किया गया। एएनएम-92 के बेसमेंट में चल रहे क्लीनिक और प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी कार्यालय को सील किया गया।
वहीं, एएनएम-92ए में भूतल और पहली मंजिल पर संचालित गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया। इसके अलावा जे-1/37 में प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी कार्यालय के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बेसमेंट, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील किया गया।
जे-1/38 में बेसमेंट में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
तीन दिनों में 37 इमारतें सील
शनिवार को तीसरे दिन 11 इमारतों पर कार्रवाई हुई। तीन दिनों में 37 इमारतें सील की जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रखने की तैयारी है।
-अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार की जानकारी; पूछे जाएंगे 40 सवाल