विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद जहरीली हुई हवा, गुरुग्राम-मानेसर और पंचगांव में 'बहुत खराब' स्तर पर पहुंचा AQI

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:25 AM (IST)

दीवाली की रात आतिशबाजी के बाद गुरुग्राम, मानेसर और पंचगांव में हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में ...और पढ़ें

गुरुग्राम में दीवाली के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब। जागरण

गुरुग्राम में दीवाली के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब। जागरण

HighLights

  1. दीवाली आतिशबाजी से गुरुग्राम की हवा हुई 'बहुत खराब'।

  2. मानेसर में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सबसे अधिक उछाल।

  3. लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन हुई।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दीवाली की रात 8:30 बजे के बाद आतिशबाजी के साथ ही शहर की हवा की गुणवत्ता बिगड़नी शुरू हो गई। पटाखों से निकले धुएं ने वातावरण में प्रदूषण के स्तर को और बढ़ा दिया। इसका असर सोमवार सुबह साफ दिखाई दिया।

गुरुग्राम, मानेसर और पंचगांव में सुबह तक हवा की गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। सुबह शहर और आसपास के इलाकों में धुएं और धुंध की परत छाई रही। कई जगह दृश्यता भी प्रभावित नजर आई।

वहीं, सुबह घरों से बाहर निकले लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए प्रदूषित हवा ज्यादा परेशानी का कारण बनी।

आतिशबाजी के बाद बढ़ा सूचकांक

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रविवार रात 9:05 बजे गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक 276 था। यह खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। सोमवार सुबह 7:05 बजे यह बढ़कर 316 पर पहुंच गया। यानी करीब 10 घंटे में 40 अंकों की बढ़ोतरी हुई और हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद रात से सुबह तक प्रदूषण के स्तर में आया बदलाव हवा की बिगड़ती स्थिति को दर्शाता है।

मानेसर में 62 अंकों का उछाल

औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में प्रदूषण का स्तर सबसे तेजी से बढ़ा। रविवार रात 9:05 बजे यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 276 दर्ज किया गया था, जो सोमवार सुबह 7:05 बजे बढ़कर 338 हो गया। यानी करीब 10 घंटे में 62 अंकों की बढ़ोतरी हुई। तीनों स्थानों में मानेसर में सबसे अधिक उछाल दर्ज किया गया।

7 और 8 नवंबर को मानेसर का दैनिक औसत सूचकांक 279 रहा था। दिवाली की रात के बाद यहां हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई।

पंचगांव में भी बढ़ा प्रदूषण

पंचगांव में हवा की स्थिति पहले से ही चिंताजनक बनी हुई थी। रविवार रात 9:05 बजे यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 339 दर्ज किया गया, जो सोमवार सुबह 7:05 बजे बढ़कर 357 हो गया। इस दौरान 18 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले 6 नवंबर को पंचगांव में सूचकांक 426 तक पहुंच गया था। 7 नवंबर को यह 377 और 8 नवंबर को 333 दर्ज किया गया था।

तीनों स्थानों की तुलनात्मक स्थिति

स्थान रात 9:05 बजे सुबह 7:05 बजे बढ़ोतरी
गुरुग्राम 276 316 40 अंक
मानेसर 276 338 62 अंक
पंचगांव 339 357 18 अंक

पहले से खराब हवा पर आतिशबाजी का असर

दीवाली से पहले भी गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ था। 6 नवंबर को गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक 368 और 7 नवंबर को 345 दर्ज किया गया था। 8 नवंबर का दैनिक औसत 288 रहा। ऐसे में दिवाली की रात हुई आतिशबाजी से पहले से प्रदूषित हवा की स्थिति और बिगड़ गई। पटाखों से निकलने वाले धुएं और सूक्ष्म कणों के वातावरण में फैलने के साथ हवा की गति और मौसम संबंधी परिस्थितियों ने भी प्रदूषण के स्तर को प्रभावित किया होगा।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर

बहुत खराब श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और दमा व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह की सैर और खुले में व्यायाम करने से बचना चाहिए। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें- दीवाली की आतिशबाजी से बेहद खतरनाक हुई दिल्ली की हवा, स्मॉग की चादर से ढकी राजधानी; AQI पहुंचा 400 पार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।