गुरुग्राम की सड़कों पर क्यों उड़ रही धूल? जिम्मेदारों से CAQM का सवाल,104 किमी सड़कों में 258 खामियां
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने गुरुग्राम की सड़कों पर धूल और मलबे को लेकर निगमायुक्त व जीएमडीए सीईओ से ...और पढ़ें

पालम विहार में दिनभर उड़ती धूल लोगों की सांसों में जहर घोल रही है। फोटो: संजय गुलाटी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर की सड़कों पर धूल उड़ने, निर्माण मलबा जमा होने और फुटपाथ टूटे होने के मामले में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा से जवाब मांगा।
नई दिल्ली में हुई व्यक्तिगत सुनवाई के दौरान आयोग ने अधिकारियों से पूछा कि बार-बार निर्देश देने और निरीक्षण के बावजूद गुरुग्राम की सड़कों पर धूल क्यों उड़ रही है?
धूल नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों और सड़कों की मरम्मत की प्रगति की अब हर महीने समीक्षा की जाएगी। दोनों विभागों को नियमित रूप से रिपोर्ट भी देनी होगी। सुनवाई में नगर निगम की ओर से सड़कों के रखरखाव और मरम्मत का लक्ष्य भी रखा गया।
निगम ने दिसंबर 2026 तक 396 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा करने और कुल 611 किलोमीटर लंबी सड़कों में से शेष बची सड़कों के कार्य वर्ष 2027 में करने की जानकारी दी।
125 सड़कों में सिर्फ चार मिलीं धूल मुक्त
आयोग ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को नगर निगम की 125 सड़कों का निरीक्षण किया गया था। इनमें 34 सड़कों पर बहुत अधिक, 58 पर मध्यम और 29 पर कम धूल पाई गई थी। केवल चार सड़कें धूल मुक्त मिली थीं।
पांच जनवरी को धूल नियंत्रण के निर्देश दिए गए, लेकिन चार फरवरी को सेक्टर-49, 57, 70, 73, 74 और 75 में निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे कूड़े और भवन निर्माण मलबे के ढेर मिले।
सात अप्रैल को दोबारा निरीक्षण में भी हालात में अपेक्षित सुधार नहीं मिला। इसके बाद 17 अप्रैल को निगमायुक्त को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुलाया गया था।
निगम की ओर से एक वरिष्ठ सफाई निरीक्षक को निलंबित करने, दो सहायक सफाई निरीक्षकों पर कार्रवाई और 90 किलोमीटर सड़क को धूल मुक्त बनाने का दावा किया गया था।
104 किलोमीटर सड़कों पर मिलीं 258 खामियां
आयोग के 14 अक्टूबर के निरीक्षण में 52 सड़कों की कुल 104 किलोमीटर लंबाई में 258 खामियां मिली थीं। इनमें धूल, निर्माण मलबा, टूटे फुटपाथ और गड्ढे शामिल थे।
इनमें से 174 खामियां नगर निगम और 84 जीएमडीए की सड़कों पर मिलीं। आयोग के अनुसार, 13 अक्टूबर तक नगर निगम के विरुद्ध धूल प्रदूषण से संबंधित 1,135 और जीएमडीए के विरुद्ध 183 शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
611 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव का लक्ष्य
सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से बताया गया कि कुल 611 किलोमीटर लंबी सड़कों का रखरखाव और मरम्मत किया जाना है। इनमें से 396 किलोमीटर सड़कों का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शेष सड़कों का काम वर्ष 2027 में पूरा किया जाएगा। आयोग ने सड़कों की मरम्मत के साथ धूल नियंत्रण के उपायों पर भी नियमित निगरानी रखने और हर महीने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 55 इलेक्ट्रिक बसें, 25 से ज्यादा रूट तय; हर सीट पर होगा SOS बटन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।