विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'संगठन की असली पूंजी हैं पुराने साथी...' गुरुग्राम में वरिष्ठ BJP कार्यकर्ताओं से मिले CM नायब सिंह सैनी

Published: Wed, 04 Nov 2026 03:44 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके दशकों के योगदान को सराहा।

सीएम नायब सैनी ने की पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात।

सीएम नायब सैनी ने की पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुग्राम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

  2. पुराने कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहा और उन्हें सम्मान दिया।

  3. यह पहल संगठन की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनी।

आदित्य राज, गुरुग्राम। किसी भी राजनीतिक संगठन की पहचान केवल उसके पदाधिकारियों और चुनावी सफलताओं से नहीं होती, बल्कि उन कार्यकर्ताओं से होती है, जिन्होंने दशकों तक विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन की नींव मजबूत करने में अपना जीवन लगा दिया।

समय के साथ जिम्मेदारियां और चेहरे बदलते हैं, लेकिन संगठन की सफलता में पुराने कार्यकर्ताओं का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। ऐसे कार्यकर्ताओं को जब नेतृत्व स्वयं आगे बढ़कर सम्मान देता है तो यह पहल महज औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन की कई पीढ़ियों को जोड़ने का माध्यम बन जाती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद कर यही संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने जिस अपनत्व के साथ पुराने साथियों की बातें सुनीं और उनके योगदान को महत्व दिया, उससे कार्यकर्ताओं के चेहरों पर संतोष और भावुकता साफ दिखाई दी।

सालों से थी ऐसे अवसर की प्रतीक्षा

कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें वर्षों से ऐसे अवसर की प्रतीक्षा थी। उनकी अपेक्षा किसी पद या व्यक्तिगत लाभ की नहीं, बल्कि पार्टी में अपने संघर्ष, समर्पण और अनुभव को सम्मान मिलने की है। मुख्यमंत्री के व्यवहार ने उन्हें यह भरोसा दिया कि संगठन की मौजूदा उपलब्धियों में उनकी वर्षों की मेहनत भी बराबर की हिस्सेदार है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं गुरुग्राम जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनका मन जीत लिया। भाजपा आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें उन कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है, जिन्होंने पार्टी के कठिन दौर में भी झंडा उठाए रखा।

घर-घर जाकर विचारधारा पहुंचाई और संगठन को खड़ा करने के लिए अपना समय और ऊर्जा समर्पित की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मान देकर यह अहसास कराया कि पार्टी अपने पुराने साथियों के योगदान को महत्व देती है।

आज के नए कार्यकर्ता कल होंगे संगठन की धरोहर

वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं अधिवक्ता रश्मिभूषण ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। आज जो कार्यकर्ता संगठन के लिए मेहनत कर रहे हैं, वे भी कल वरिष्ठ होंगे। जब वे देखेंगे कि पार्टी अपने पुराने साथियों के योगदान को याद रखती है तो उनका भरोसा और मजबूत होगा।

उन्हें विश्वास रहेगा कि संगठन में समर्पण और मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। राजनीतिक जानकारों का भी मानना है कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के पास संगठन के संघर्ष, विस्तार और बदलाव का लंबा अनुभव है। उनकी सक्रिय भागीदारी नई पीढ़ी को दिशा देने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर सकती है।

मुख्यमंत्री का यह संवाद बताता है कि संगठन की असली पूंजी उसके कार्यकर्ता हैं। उनका सम्मान केवल अतीत के योगदान का अभिनंदन नहीं, बल्कि भविष्य के संगठन की नींव मजबूत करने का प्रयास भी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।