गुरुग्राम में बिना वैध वीजा के 3 महीने से रह रहा था चीनी नागरिक, पुलिस ने दबोचा; मकान मालिक पर भी गिरी गाज
गुरुग्राम के सेक्टर 43 में एक चीनी नागरिक को बिना वैध वीजा के रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जिस मकान में वह रह रहा था उसके मालिक पर भी कार्रवाई हुई है।
-1795955999357_m.webp)
गुरुग्राम के सेक्टर 43 से एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
चीनी नागरिक गुरुग्राम के सेक्टर 43 से गिरफ्तार।
नेपाल में बिजनेस वीजा समाप्त होने पर भारत में घुसा।
मकान मालिक पर भी बिना जानकारी दिए ठहराने पर कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बिना वैध वीजा के गुरुग्राम के सेक्टर 43 में रह रहे एक चीनी नागरिक को पकड़ा गया है। इसके साथ ही बिना सी-फार्म भरे उसे मकान में ठहराने पर मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इमिग्रेशन एंड फारेनर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब डेढ़ बजे सुशांत लोक थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर 43 स्थित मकान नंबर 255 के सेकंड फ्लोर में एक विदेशी व्यक्ति बिना पासपोर्ट और बिना वीजा के रह रहा है।
चीन के स्टेट हुनान का रहने वाला नागरिक
पुलिस टीम ने मकान के दूसरी मंजिल पर छापेमारी की। यहां एक विदेशी व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम यांग वेन बताया। पता चला कि वह चीन के स्टेट हुनान का रहने वाला है। उसका पासपोर्ट 30 जुलाई 2027 तक वैध पाया गया।
लेकिन वह भारत में रहने के लिए वैध वीजा पेश नहीं कर सका। उसने बताया कि वह साल की शुरुआत में बिजनेस वीजा पर नेपाल गया था। जुलाई में उसका वीजा खत्म हो गया। कुछ लोगों ने उसे भारत जाकर वहां से चीन की फ्लाइट पकड़ने की सलाह दी तो वह नेपाल के रास्ते भारत आ गया।
मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज
पहले वह कुछ समय तक दिल्ली में रहा। उसने कई बार चीन जाने की कोशिश की, लेकिन जा नहीं पाया। इसके बाद वह करीब तीन महीने पहले गुरुग्राम आ गया। यहां सेक्टर 43 स्थित एक मकान के सेकेंड फ्लोर को किराये पर लेकर रहा रहा था। लेकिन मकान मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को नहीं दी।
मकान मालिक ने बिना सी-फार्म भरे विदेशी नागरिक को अपने मकान में ठहराया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।