40 हॉटस्पॉट, AI कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी; CAQM बैठक में विंटर एक्शन प्लान तेज करने के निर्देश
सीएक्यूएम अध्यक्ष राजेश वर्मा ने गुरुग्राम-मानेसर में शीतकालीन प्रदूषण नियंत्रण योजना को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CQMC) के अध्यक्ष राजेश वर्मा विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए। जागरण
HighLights
शीतकालीन कार्ययोजना को गुरुग्राम-मानेसर में तेजी से लागू करें।
AI कैमरे, ड्रोन, PM 2.5 सेंसर से प्रदूषण निगरानी होगी।
कचरा जलाने और सड़क की धूल पर सख्ती से रोक।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनाए गए एक्शन प्लान में हरियाणा सहित गुरुग्राम के पिछड़ने और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर ब़ृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने गुरुग्राम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को गुरुग्राम-मानेसर में विंटर एक्शन प्लान पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए अब तकनीक और निगरानी तंत्र मजबूत किया जाएगा। कचरा संवेदनशील स्थानों पर एआइ आधारित कैमरों से नजर रखी जाएगी, जबकि ड्रोन और पीएम 2.5 सेंसर से प्रदूषण के स्तर की निगरानी होगी।
गुरुग्राम में जन शिकायतों के आधार पर 40 प्रदूषण हाटस्पाट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर विशेष निगरानी और नियंत्रण के उपाय किए जाएंगे।
इलाकों में ठोस सुधार लाने के निर्देश दिए गए
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं संलग्न क्षेत्र वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने गुरुग्राम, मानेसर और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और झज्जर के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अगले दो महीनों के लिए शीतकालीन कार्ययोजना को तेजी से लागू करने और औद्योगिक क्षेत्रों सहित शहर के प्रदूषण प्रभावित
AI कैमरों से पकड़ी जाएंगी कचरा जलाने की घटनाएं
कचरा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए 20 एआइ आधारित कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 150 अन्य निगरानी कैमरे लगाने की योजना है। ड्रोन और गतिशील पीएम 2.5 सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों को आयोग की 13सी पवन प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
इससे प्रदूषण की स्थिति और संबंधित क्षेत्रों में हो रही गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इंटरनेट मीडिया पर मिली शिकायतों के आधार पर चिह्नित 40 हाटस्पाट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
कचरा और सूखी पत्तियां जलाने पर होगी कार्रवाई
सर्दियों में सूखी पत्तियां, प्लास्टिक, घरेलू कचरा और जैविक अवशेष जलाने की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को ऐसे स्थानों पर क्षेत्रीय निरीक्षण बढ़ाने और खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने को कहा गया है।
बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरों में समय रहते हीटर की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लोग सड़कों पर अलाव जलाने को मजबूर न हों।
सड़कों की धूल और जाम खत्म करने पर जोर
सड़क से उड़ने वाली धूल को प्रदूषण का प्रमुख कारण मानते हुए सड़कों की नियमित सफाई, मशीनों से सफाई और सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। सड़कों के चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया।
निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यातायात जाम वाले स्थानों की पहचान कर वहां यातायात व्यवस्था सुगम बनाने को कहा गया।
RWA और बाजार संगठनों को जोड़ने की अपील
बैठक में सीएक्यूएम अध्यक्ष ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकारी विभागों की कार्रवाई के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। इसके लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), बाजार संगठनों और शिक्षण संस्थानों को जागरूकता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से कचरा जलाने, धूल उड़ने और प्रदूषण बढ़ाने वाली अन्य गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में प्रदूषण को लेकर एक्शन में प्रशासन, अधिकारियों की बैठक, तैयार हुआ पूरा प्लान
यह भी पढ़ें- NTPC की फ्लाई ऐश से चतरा की सड़कों पर प्रदूषण, वन विभाग ने एक सप्ताह में मांगा जवाब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।