गुरुग्राम में आज 'विकसित भारत संकल्प सभा' का आयोजन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
गुरुग्राम में बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
HighLights
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम में बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा व सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित होगा।
गुरुग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
पीएम मोदी कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम लेजर वैली पार्क में आयोजित किया जाएगा। समारोह में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और सह प्रभारी भोला सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन भी होगा।
कार्यक्रम के बाद गुरुग्राम जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मशाल यात्रा रवाना होगी। आयोजन में गुरुग्राम के साथ फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जिलों से भी जनभागीदारी होगी।
कार्यक्रम से पहले तैयारियों का जायजा
सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने स्टेज मैनेजमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पब्लिक मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा सहित अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया । बैठक के बाद आयुक्त एवं सचिव ने वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के डीसी के साथ बैठक की।
उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सात अक्टूबर को गुरुग्राम दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश उत्तम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत पूरे गुरुग्राम जिले में ड्रोन, पैराग्लाइडर सहित किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई वाहन अथवा उड़ने वाली वस्तु के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है।
विकसित भारत का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को गुरुकमल कार्यालय में कार्यक्रम की रूपरेखा पदाधिकारियों के साथ साझा की।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को निरंतर मजबूती मिली है।
इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत करने के बाद सेवा ज्योति को सिग्नेचर टावर चौक पर स्थापित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 180 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छर को मिले अशोक चक्र, गुरुग्राम बार एसोसिएशन मे उठाई मांग
