वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग के कायल हुए एलिस्टर कुक! बोले- '145 की स्पीड पर ऐसा शॉट नहीं देखा'
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी और छक्के लगाने की क्षमता की जमकर तारीफ की है।

हरियाणा के पटौदी पहुंचे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने दिया बड़ा बयान। जागरण
HighLights
कुक ने वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी और छक्के लगाने की क्षमता सराही।
वैभव बिना पहले से शॉट तय किए गेंद पर छक्के लगाते हैं।
कुक ने बच्चों को असफलता से सीखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
डॉ. ओमप्रकाश अदलखा, पटौदी। भारतीय क्रिकेट में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी का जलवा दुनिया के दिग्गजों को भी प्रभावित कर रहा है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सर एलिस्टर कुक भी वैभव की छक्के लगाने की क्षमता के मुरीद हैं।
उन्होंने कहा कि वैभव जिस तरह बिना पहले से शॉट तय किए गेंद की रफ्तार और दिशा को भांपकर छक्का लगाते हैं, वैसी क्षमता उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
कुक शनिवार को बिलासपुर स्थित क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ क्रिकेट खेला और उन्हें बल्लेबाजी की बारीकियां सिखाईं। विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद के साथ मीडिया से बातचीत में उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी के बदलते अंदाज पर भी अपनी राय रखी।
'अब 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद पर लगाते हैं छक्के'
वैभव की बल्लेबाजी पर चर्चा करते हुए कुक ने कहा कि उनके दौर में बल्लेबाज छक्का लगाने के लिए पहले से शॉट तय करते थे। इसके लिए गेंद का एक निश्चित दिशा में आना जरूरी होता था। पिछले पांच वर्षों में बल्लेबाजी का अंदाज काफी बदल गया है।
अब बल्लेबाज 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आती गेंद पर भी उसी क्षण फैसला लेकर छक्का लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी खासियत गेंद को देखकर तुरंत शॉट का चयन करना है।
उनकी बल्लेबाजी में जिस तरह की सहजता और आक्रामकता दिखाई देती है, वह उन्हें दूसरे बल्लेबाजों से अलग बनाती है। कुक ने उम्मीद जताई कि वैभव भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
असफलता से सीखकर आगे बढ़ने का दिया संदेश
पटौदी के निकट होने और नवाब मंसूर अली खान पटौदी की क्रिकेट विरासत का उल्लेख होने पर कुक ने कहा कि उन्हें उनके बारे में और जानकारी होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है। घर लौटते समय विमान में नवाब पटौदी के बारे में और पढ़ेंगे।
भारत के साथ अपने क्रिकेट संबंधों को याद करते हुए कुक ने बताया कि उनका पहला और आखिरी टेस्ट भारतीय टीम के खिलाफ ही था। वर्ष 2012 में उनकी कप्तानी में इंग्लैंड का भारत में टेस्ट सीरीज जीतना उनके करियर की खास उपलब्धियों में शामिल है।
हैरी ब्रुक को बताया शानदार कप्तान
कुक ने बच्चों को असफलता से निराश न होने की सीख देते हुए भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल दिन के बाद अगले दिन बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए। यह सीख क्रिकेट के साथ जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है।
इंग्लैंड की टीम पर उन्होंने कहा कि उसमें शीर्ष टीमों को चुनौती देने की प्रतिभा है। हैरी ब्रूक को शानदार नया कप्तान बताते हुए उन्होंने जो रूट के योगदान की भी सराहना की। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. क्रेज कुक ने भी विचार रखे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।