फरीदाबाद में परमजीत धनखड़ हत्याकांड में सामने आए 3 CCTV फुटेज, धमकाते-दौड़ाते हुए गोलियां बरसाता रहा मोनू
फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद में परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

फरीदाबाद में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में सामने आए तीन सीसीटीवी फुटेज में कैद है यह खौफनाक वारदात। वीडियो ग्रैब
HighLights
विवाद के बाद आरोपी ने परमजीत पर लगातार गोलियां चलाईं।
जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने फायरिंग जारी रखी।
पुलिस के अनुसार, थाने में पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।
डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद। सेक्टर-21सी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के चलते एक पूर्व कॉर्पोरेट कार्यकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब इस हत्याकांड में तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दिख रहा है कि परमजीत कह रहे हैं कि हम दोनों के बीच विवाद खत्म हो चुका है। फिर भी आरोपित मोनू शर्मा ताबड़तोड़ गोलियां बरसाता रहा। मृतक जान बचाने के लिए गेट की ओर भागता है तो हमलावर उनका पीछा करते हुए बीच सड़क पर गोलियां चलाता रहता है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद खौफनाक बातचीत
अब बुधवार को सामने आई सीसीटीवी फुटेज में साफ सुनाई दे रहा है कि आरोपित मोनू ने परमजीत से पहले ताना मारते हुए कहा, 'देखा है विधवा कैसी होती है?' इस बीच परमजीत का लड़का बीच में टोकता है तो पिता उसे डांटते हुए चुप रहने को कहते हैं। इसके बाद जब दोनों के बीच तीखी बातचीत हुई, तो आरोपी ने कहा, 'तुझे भगवान में बहुत विश्वास है, चल तुझे भगवान के पास ही पहुंचाता हूं।' इतना कहने के बाद आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और 9 गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी।
पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपित पड़ोसी और पीड़ित परिवार के बीच वाहन पार्किंग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा साझा क्षेत्र में पालतू कुत्ते के शौच करने को लेकर भी अनबन हुई थी। घटना की रात दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
गिरने के बाद भी मारी गईं गोलियां
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपित मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने करीब चार मिनट तक बहस करने के बाद परमजीत धनखड़ पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। परमजीत के जमीन पर गिर जाने के बाद भी आरोपित उन पर लगातार गोलियां बरसाता रहा। जब पीड़ित ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, तो हमलावर उनका पीछा कर उन्हें कई और गोलियां मारता दिख रहा है। इस दौरान आरोपित गालियां देते हुए हथियार की मैगजीन बदलते हुए भी देखा गया।
बल्लभगढ़ के डीएलएफ चौक से किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सूरजकुंड थाने में मृतक के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बल्लभगढ़ के डीएलएफ चौक से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि, इस पूरे मामले में एक सच यह भी सामने आया है कि बीते शु्क्रवार को थाने में विवाद पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों के सामने ही मोनू ने परमजीत को जान से मारने की धमकी दी थी। मगर इस बात को किसी से गंभीरता से नहीं लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।