पाकिस्तानी हैंडलर से गूगल लोकेशन मिलने के बाद रेकी करता था आईएसआई एजेंट, तलाश में जुटी NIA की टीम
राष्ट्रीय जांच एजेंसी एक संदिग्ध कश्मीरी आईएसआई एजेंट की तलाश कर रही है, जो पाकिस्तानी हैंडलर से मिली गूगल लोकेशन ...और पढ़ें
-1775402101241_m.webp)
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) संदिग्ध कश्मीरी आईएसआई एजेंट की तलाश में भटक रही। (एआई से निर्मित ग्राफिक्स)
HighLights
आईएसआई एजेंट पाकिस्तानी हैंडलर की गूगल लोकेशन पर करता था रेकी।
लखनऊ में गिरफ्तार चार आतंकियों से फरार एजेंट का संबंध।
एनआईए ने नासिर को हिरासत में लिया, एजेंट के ठिकानों की जांच।
सुधीर बैसला, फरीदाबाद। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) जिस संदिग्ध कश्मीरी आईएसआई एजेंट की तलाश में भटक रही है, वह पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा भेजी जाने वाली गूगल लोकेशन पर पहुंचकर रेकी करता था। कश्मीर से वर्ष 2019 में पहली बार पलवल आया था। दिल्ली, फरीदाबाद, नूंह और लखनऊ में ठिकाने बदलकर संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान पहुंचाता था। अचानक 2022 में भूमिगत हो गया।
यही नहीं, एनआईए को संदिग्ध आईएसआई एजेंट के उन चार आतंकियों के साथ रहने का भी इनपुट मिला है, जिन्हें बीते शुक्रवार को यूपी एटीएस ने लखनऊ में सिलसिलेवार विस्फोट करने से पहले गिरफ्तार कर लिया है। ये चारों रिमांड पर है। इनसे गहन पूछताछ चल रही है। इन चारों में मुख्य सरगना आतंकी साकिब उर्फ डेविल है, जो मेरठ के अगवानपुर का है।
साकिब को भी एक एजेंट ने पाकिस्तानी हैंडलर से जोड़ा
एनआईए सूत्रों के मुताबिक भूमिगत होने से पहले संदिग्ध कश्मीरी एजेंट ज्यादातर वक्त दिल्ली, नूंह और पलवल में रहा है। साकिब को भी एक आईएसआई एजेंट ने पाकिस्तानी हैंडलर से जोड़ा था। सूत्रों के मुताबिक लखनऊ शिफ्ट होने से पहले उक्त चारों आतंकी फरार आईएसआई एजेंट के मार्फत नूंह में कई ठिकानों पर रहे थे।
उधर, फरार कश्मीरी एजेंट की तलाश में जुटी जम्मू कश्मीर पुलिस ने एनआइए और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) गुरुग्राम टीम को कुछ दिन पहले दस से ज्यादा संदिग्ध लोगों के सोशल मीडिया एकाउंट और मोबाइल नंबर जांच के लिए दिए थे। ये सभी कश्मीर में संदिग्ध गतिविधि में इस्तेमाल हुए थे। एसटीएफ गुरुग्राम ने नूंह के विभिन्न गांवों से पांच दिन पहले करीब 14 संदिग्ध युवाओं को हिरासत में लिया था।
युवक नासिर अभी एनआईए की हिरासत में
इनमें एक युवक नासिर अभी एनआईए की हिरासत में है, बाकियों को गहन पूछताछ के बाद छोड़ा चुका है। नासिर पिता के साथ पहले मेवात के पावसर गांव में रहता था। एनआईए पूछताछ कर रही है कि उसने वह गांव छोड़कर खोरीकलां गांव में क्यों डेरा डाला। संदिग्ध कश्मीरी एजेंट पावसर और खोरीकलां गांव में कितने दिन रहा। नासिर के पास जो जानकारियां थी, वह उसने एनआइए को दी है। हालांकि एनआईए पूछताछ से संतुष्ट नहीं है, इसीलिए हिरासत में रखा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।