विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हत्याकांड में वांछित नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में अरेस्ट, अलर्ट हुई फरीदाबाद पुलिस

By Harendra NagarEdited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 24 Oct 2026 12:52 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को हिमांशु भाऊ के साथ अमेरिका में हिरासत में लिया गया है।

वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया। सोशल मीडिया

वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया। सोशल मीडिया

HighLights

  1. नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में हिरासत में लिया गया।

  2. विकास चौधरी हत्याकांड में वांछित था गैंगस्टर नीरज।

  3. भारत प्रत्यर्पण के लिए एजेंसियां अमेरिकी संपर्क में।

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर से फरीदाबाद पुलिस सक्रिय हो गई है। नीरज को गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के साथ 22 अक्टूबर को लास वेगास क्षेत्र में अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी की हिरासत में लिया गया।

हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों को भारत लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं। फरीदाबाद पुलिस पहले ही नीरज के प्रत्यर्पण के लिए गृह मंत्रालय को सिफारिश भेज चुकी थी।

एसीपी क्राइम वरुण दहिया के मुताबिक, पुलिस को नीरज के डिटेन होने की सूचना मिली थी और इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

नीरज फरीदपुरिया पर फरीदाबाद और पलवल समेत विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। फरीदाबाद और पलवल में उसके खिलाफ करीब 12-12 मामले दर्ज हैं।

विकास चौधरी हत्याकांड में आया था नाम

26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया। पुलिस को उसकी तलाश है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) भी उसके फरीदपुर गांव स्थित घर पर छापेमारी कर चुकी है।

1 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

नीरज के नाम से जुड़ा रंगदारी का मामला जुलाई 2024 में पलवल में सामने आया था। चांदहट गांव निवासी योगेश कुमार को फोन कर एक करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने खुद को नीरज फरीदपुरिया बताया और रकम नहीं देने पर योगेश तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पलवल में उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर अपराधों के मामले हैं। आरोप रहा है कि विदेश में रहते हुए वह फोन और अपने कथित नेटवर्क के जरिए रंगदारी की गतिविधियां चलाता था।

हत्या के मामले में उम्रकैद

नीरज को 2012 में एक हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2015 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। बाद में 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह विदेश भाग गया। इसके बाद विकास चौधरी हत्याकांड समेत अन्य मामलों में उसकी तलाश जारी रही।

मकान पर एनआईए की छापामारी

अक्टूबर 2022 में एनआईए ने फरीदाबाद के फरीदपुर गांव स्थित नीरज के घर पर छापामारी की थी। इससे पहले पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई में गांव में उसके करीब 350 वर्ग गज के मकान को ढहाया गया।

2024 में पलवल में आगरा चौक स्थित 'ट्रिपल 9 टेलीकॉम मोबाइल दुकान पर गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के गुर्गों द्वारा दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। यह पूरी वारदात रंगदारी न देने के चलते अंजाम दी गई थी।

यह भी पढ़ें- बोस्टल जेल से रखी गई थी 'भाऊ गैंग' की नींव, हिमांशु ने NCR में फैलाया रंगदारी का बड़ा नेटवर्क; पढ़ें Inside Story