विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद-गुरुग्राम आने-जाने वालों को बड़ा झटका! 2 जुलाई से नहीं हटेंगे ये 4 टोल टैक्स, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Published: Wed, 01 Jul 2026 02:13 PM (IST)Updated: Wed, 01 Jul 2026 04:04 PM (IST)

फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना के चार टोल प्लाजा पर टोल टैक्स वसूली की अंतिम तिथि 2 जुलाई से अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई है।

बंधवाड़ी टोल प्लाजा समेत अन्य चार टोल पर जारी रहेगी वसूली

बंधवाड़ी टोल प्लाजा समेत अन्य चार टोल पर जारी रहेगी वसूली

HighLights

  1. फरीदाबाद-गुरुग्राम-सोहना के चार टोल पर वसूली जारी रहेगी।

  2. 2 जुलाई से खत्म होने वाली टोल वसूली अनिश्चितकाल तक बढ़ी।

  3. लाखों वाहन चालकों को टोल टैक्स से राहत नहीं मिलेगी।

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना आने-जाने वाले लोगों को चार टोल पर अभी टैक्स देना होगा। इससे पहले चारों टोल पर टैक्स वसूली की अंतिम तिथि दो जुलाई तय की थी लेकिन अब सरकार ने इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है।

यानी आगामी आदेश तक यहां टोल टैक्स लिया जाता रहेगा। इससे फरीदाबाद-गुरुग्राम ही नहीं बल्कि पलवल व दिल्ली से आने-जाने वाले एक लाख से अधिक वाहन चालकों को झटका लगा है।

2 जुलाई से बंद होनी थी टोल वसूली

याद रहे यहां चारों टोल प्लाजा का संचालन सबसे पहले 12 जून की मध्यरात्रि तक निर्धारित था। लेकिन सरकार के नए आदेश के बाद इसे दो जुलाई तक कर दिया गया था।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन संचालित दोनों टोल प्लाजा का अनुबंध समाप्त होने के चलते इनके बंद होने की चर्चा तेज थी। विशेष रूप से बंधवाड़ी टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय निवासी, उद्योगपति और जनप्रतिनिधि लंबे समय से इसे हटाने की मांग कर रहे हैं।

बड़खल के विधायक के पत्र का भी नहीं हुआ असर

बड़खल से विधायक धनेश अदलखा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टोल समाप्त करने का आग्रह किया था। उनका कहना है कि टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक प्रभावित होते हैं और समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वर्ष 2009 के आसपास स्थापित बंधवाड़ी टोल प्लाजा सड़क निर्माण और रखरखाव की लागत वसूलने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।

सुबह-शाम लगती हैं लंबी कतारें

हालांकि, समय के साथ यह टोल आम लोगों की परेशानी का कारण बन गया। सुबह और शाम के समय यहां लंबी कतारें लगना आम बात है। कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसें और कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी जाम में फंस जाते हैं।

21 जून को बंधवाड़ी टोल पर महापंचायत का आयोजन किया गया था। पाली क्रेशर जोन और बल्लभगढ़-सोहना रोड पर स्थित पाखल टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर लोगों प्रदर्शन भी किया था।

यहां गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नोएडा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। लोक निर्माण विभाग गुरुग्राम चरणदीप सिंह ने बताया कि सरकार का आदेश आ गया है। इसलिए अब दो जुलाई को वसूली बंद नहीं होगी।

 

यह भी पढ़ें- हापुड़ के ब्रजघाट टोल पर जाम खत्म, 4 नई लाइन शुरू; अब नहीं लगेगी किलोमीटर लंबी कतार