विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Faridabad: ढाई घंटे पेट में घुसे चाकू के साथ युवक को लेकर घूमते रहे स्वजन, एक अस्पताल ने बांध दी सिर्फ पट्टी

By Parveen Kaushik Edited By: Geetarjun
Published: Tue, 11 Oct 2022 06:05 PM (IST)

Faridabad News मामूली कहासुनी के बाद युवक पर हमला कर पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू पेट में ही लटका ...और पढ़ें

ढाई घंटे तक पेट में घुसे चाकू के साथ युवक को लेकर घूमते रहे स्वजन।
ढाई घंटे तक पेट में घुसे चाकू के साथ युवक को लेकर घूमते रहे स्वजन।

फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। मामूली कहासुनी के बाद युवक पर हमला कर पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू पेट में ही लटका रह गया। ढाई घंटे के बाद दिल्ली के ट्रामा सेंटर में आपरेशन कर चाकू को बाहर निकाला गया। इस दौरान युवक दर्द से कराहता रहा।

हमला करने आए तीन आरोपितों को पड़ोस के लोगों ने खूब पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ऐसे हुई घटना

थाना सेक्टर-31 में बंटी भडाना कालोनी ऐतमादपुर निवासी भोला ने दी शिकायत में बताया कि वह बैट्री रिक्शा चलाता है। उसका छोटा भाई अशोक उद्योग में नौकरी करता है। नौ अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे भाई ऐतमादपुर सब्जी मंडी से आया था। वहां सब्जी मंडी से निकलते समय उसकी आनंद व मोहित से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद झगड़ा हुआ।

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड कर्मचारी से तीन बदमाशों ने बहादुरगढ़ के पास पिस्तौल के बल पर छीनी गाड़ी

घर के बाहर आकर की मारपीट

आनंद और मोहित मंडी में मोमोज की रेहड़ी लगाते हैं और धीरज नगर मे रहते हैं। भाई अशोक जैसे ही घर आया, पीछे से आनंद, मोहित, साजन उर्फ ऋषी घर पर आ गए और दरवाजे पर खड़े होकर आवाज लगाने लगे। आवाज सुनकर वह, अशोक, उनकी मां सत्यावती व अशोक की पत्नी काजल बाहर आई। इसके बाद अशोक को पीटने लगे।

भाई को पेट में मारा चाकू

इस दौरान एक युवक ने उसके भाई अशोक के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू पेट में ही लटका रह गया। भाई लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आनंद, मोहित व साजन को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। तुरंत पुलिस को सूचित किया। वह अपने घायल भाई को ई रिक्शा में लेकर बादशाह खान नागरिक अस्पताल पहुंचा।

वहां भाई के पेट में लटक रहे चाकू को नहीं निकाला गया। केवल आसपास पट्टी कर दी और दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद वे दिल्ली ट्रामा सेंटर पहुंचे। वहां आपरेशन कर चाकू को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मोहित, साजन व आनंद को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।