अल फलाह मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों ने की MBBS छात्र की रैगिंग, पीड़ित ने प्रबंधन पर भी लगाए गंभीर आरोप
फरीदाबाद का अल फलाह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र ने सीनियर विद्यार्थियों पर लगातार रैगिंग, धमकी और शारीरिक उत्पीड़न ...और पढ़ें

अल फलाह मेडिकल कॉलेज। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
एमबीबीएस छात्र ने सीनियरों पर रैगिंग का आरोप लगाया।
कॉलेज प्रबंधन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप।
सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे साक्ष्य मौजूद।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सफेदपोश आतंक को लेकर एक साल पहले देशभर में चर्चा में रहे अल फलाह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने कॉलेज के सीनियर विद्यार्थियों पर लगातार रैगिंग करने, धमकाने और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित छात्र पराग दीक्षित के मुताबिक, 12 से 15 अक्टूबर के बीच कॉलेज के सीनियर विद्यार्थियों ने उसके साथ लगातार रैगिंग की। इस दौरान उसे धमकाया गया और विद्यार्थियों की भीड़ ने उसे घेर लिया। लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर उसने राष्ट्रीय एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत वापस लेने का बनाया दबाव
छात्र का आरोप है कि हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन ने उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। उसे डराया गया कि यदि उसने शिकायत वापस नहीं ली तो उसका परीक्षा परिणाम प्रभावित हो सकता है और उसका मेडिकल करियर बर्बाद कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
दबाव में आकर उसने शिकायत वापस ले ली, लेकिन इसके बाद भी उसे राहत नहीं मिली। पराग दीक्षित ने आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर को उसके साथ फिर शारीरिक उत्पीड़न किया गया। इस दौरान एक सीनियर विद्यार्थी ने उसकी गर्दन पकड़ ली और उसके साथ मारपीट की।
छात्र का दावा है कि यह पूरी घटना कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हुई है। इसके बावजूद आरोपित विद्यार्थियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पूरे मामले की जांच जारी
छात्र ने अपनी शिकायत के समर्थन में कई साक्ष्य होने की बात कही है। इनमें पुलिस को दी गई शिकायत की प्रति, 14 और 15 अक्टूबर क ऑडियो रिकार्डिंग, राष्ट्रीय एंटी रैगिंग हेल्पलाइन से संबंधित रिकार्ड और कॉलेज प्रबंधन को भेजे गए वाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशाट शामिल हैं। छात्र ने पुलिस और कॉलेज प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।