विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रात को घबराकर उठ जाता है शौर्य', पिता को गोलियों से भूनते देख सदमे में मासूम; COO की पत्नी ने सुनाई आपबीती

By Harendra NagarEdited By: Pooja Tripathi
Published: Wed, 11 Nov 2026 04:20 PM (IST)

फरीदाबाद में सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत धनखड़ की हत्या उनकी पत्नी दीक्षा के अनुसार एक सुनियोजित साजिश थी। ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो और जांच कर्मी। फोटो बाएं से दाएं

मृतक की फाइल फोटो और जांच कर्मी। फोटो बाएं से दाएं

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। फरीदाबाद सेक्टर-21सी में सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत धनखड़ की हत्या को लेकर उनकी पत्नी दीक्षा ने दिल दहला देने वाला घटनाक्रम बताया है।

उनके अनुसार, आरोपित मोनू शर्मा ने परमजीत को नीचे बुलाने के लिए सामान्य बातचीत का बहाना बनाया। उसने बालकनी में खड़े परमजीत से कहा, 'भाई साहब नीचे आ जाओ, मुझे अपनी कार पार्किंग में खड़ी करनी है।'

परमजीत को लगा कि पड़ोसी सामान्य तरीके से बात कर रहा है, इसलिए वह नीचे जाने लगे। पत्नी दीक्षा ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं रुके। नीचे पहुंचते ही मोनू ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

पूरी तैयारी से मोनू ने वारदात को दिया अंजाम

दीक्षा के मुताबिक, मोनू ने पूरी वारदात बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी। शाम को घर आने के बाद वह सीधे अपने फ्लोर पर गया। वहां से पिस्टल और गोलियां लेकर नीचे आया और फिर साथ लगते अपने प्लाट में चला गया।

कुछ देर बाद वह अपनी एक्सयूवी-700 कार निकालकर लाया और उसे घर के गेट के बाहर स्टार्ट हालत में खड़ा छोड़ दिया। इसके बाद उसने दो बार परमजीत के फ्लैट की डोरबेल बजाई। परमजीत बालकनी में आए तो उसने उन्हें नीचे बुला लिया। परमजीत के पीछे उनका बेटा शौर्य भी नीचे आ गया।

आरोप है कि नीचे पहुंचते ही मोनू ने फायरिंग शुरू कर दी और वारदात के बाद पहले से स्टार्ट खड़ी कार में बैठकर फरार हो गया।

बेटे के मन में बैठा डर, रात को भी घबराकर उठ जाता है

परमजीत की मौत के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटना का सबसे गहरा असर बेटे शौर्य पर पड़ा है। वह अभी तक उस खौफनाक मंजर से उबर नहीं पाया है। परिवार के अनुसार, शौर्य रात को भी डरकर अचानक उठ बैठता है। घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का सांत्वना देने के लिए लगातार आना-जाना लगा हुआ है।

पुलिस ने दिए दो सुरक्षाकर्मी, कंपनी भी कर रही मदद

परिवार की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए हैं। ये दोनों 24 घंटे परिवार के साथ रहेंगे। वहीं, परमजीत की कंपनी की ओर से भी परिवार की मदद के लिए एक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है, जो लगातार उनके संपर्क में है और हर संभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है।

गौरतलब है कि सेक्टर-21सी में पार्किंग और पालतू कुत्ते को शौच कराने को लेकर चल रहे विवाद के बाद परमजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपित मोनू शर्मा गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस वारदात से जुड़े घटनाक्रम और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- चौकी में पुलिस के सामने पिटा, वहीं दी जान से मारने की धमकी; फरीदाबाद COO मर्डर में सामने आई पुलिस की लापरवाही

यह भी पढ़ें- जिम के लड़कों से पिटवाया तो ठान लिया था कत्ल, क्यों पड़ोसी बना खूनी; फरीदाबाद COO मर्डर की Inside Story

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।