जिम के लड़कों से पिटवाया तो ठान लिया था कत्ल, क्यों पड़ोसी बना खूनी; फरीदाबाद COO मर्डर की Inside Story
फरीदाबाद में सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत की हत्या के आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को क्राइम ब्रांच ने रिमांड पर लिया है।

पीली टीशर्ट में आरोप मोनू, इनसेट में मृतक परमजीत की फाइल फोटो और जांच करती पुलिस। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) परमजीत की नौ गोलियां मारकर हत्या के आरोपित मोहन उर्फ मोनू शर्मा को क्राइम ब्रांच ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पूछताछ में उसने बताया है कि शुक्रवार सुबह परमजीत ने अनखीर पुलिस चौकी में उसके खिलाफ शिकायत दे दी थी। पुलिस ने उसे चौकी में बुला लिया। वहां परमजीत ने अपने साथ जिम करने वाले मेवला के लड़कों को बुला लिया था। उन लड़कों ने मोनू शर्मा को काफी बुरा भला कहा था, उसकी पिटाई भी कर दी थी।
उसने इसे अपनी बेइज्जती समझा, इस कारण वह गुस्से में था। उसने तभी परमजीत की हत्या करने की ठान ली थी। चौकी में समझौते के दौरान भी उसने परमजीत को जिंदा ना छोड़ने की धमकी दी थी। पुलिस सहित वहां मौजूद सभी लोगों ने इसे हल्के में लिया।
लाइसेंसी पिस्टल हमेशा रखता था अपने पास
लाइसेंसी पिस्टल वह हमेशा अपने साथ ही रखता था। शाम को वह हत्या के इरादे से ही घर पहुंचा और डोर बेल बजाकर बात करने के बहाने परमजीत को बाहर बुलाया। बाहर निकलते ही उसने परमजीत से कुछ बातचीत की और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दोनों पिस्टल बरामद कर ली हैं। परमजीत के शरीर से निकली गोलियों को पुलिस ने पलंदा बनाकर तैयार कर लिया है। पिस्टल और गोलियों को बैलेस्टिक जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। लैब में गोलियों और पिस्टल का मैच कराया जाएगा।
दोनों का मैच होने से यह साबित हो जाएगा कि गोलियां मोनू शर्मा के पास से बरामद पिस्टल से ही चलीं। पुलिस ने मकान की सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया है, जिसमें मोनू शर्मा गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है। आरोपित को सजा दिलाने में फुटेज भी अहम भूमिका निभाएगी।
कुत्ते को घर से न निकालने की परमजीत ने दी थी चेतावनी
मोनू शर्मा ने यह भी बताया है कि एक महीने पहले जब वह जर्मन शेफर्ड कुत्ता लेकर आया था तो परमजीत ने उसे चेतावनी दी थी कि एक महीने तक उसे घर से बाहर ना निकाले। इस कारण वह जिद में कुत्ते को बाहर निकालता था और कुत्ता जहां मर्जी वहां शौच कर देता था।
परमजीत और उसके बीच इस बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। बता दें कि सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत की शुक्रवार रात उनके पड़ोसी मोनू शर्मा ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। दोनों के बीच पार्किंग और कुत्ते को लेकर विवाद था। इस मामले में माेनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।