विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो साल पहले बिछी नई पाइपलाइन, फिर भी नहीं मिला एक बूंद पानी; गंदा पानी पीने को मजबूर 700 परिवार

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:41 PM (GMT+05:30)

ग्रेटर फरीदाबाद में दो साल पहले बिछाई गई पानी की पाइपलाइन से अब तक एक बूंद पानी नहीं पहुंचा है, जिससे ओमेक्स स्पा विलेज और न्यू हाइट्स सोसायटी के करीब 700 परिवार बोरवेल के दूषित पानी पर निर्भर हैं।

फरीदाबाद के दो सोसाइटी में आ रहा गंदा पानी। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

फरीदाबाद के दो सोसाइटी में आ रहा गंदा पानी। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. दो साल से पाइपलाइन में पानी नहीं, 700 परिवार परेशान।

  2. दूषित बोरवेल पानी से त्वचा रोग, बाल झड़ने की समस्या।

  3. अवैध टैंकर माफिया भूजल दूषित कर रहा, एफएमडीए का आश्वासन।

निभा रजक, फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में विकास के दावों के बीच बुनियादी सुविधा की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां दो साल पहले पानी की पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन आज तक उससे एक बूंद पानी नहीं पहुंचा।

सेक्टर-78 स्थित ओमेक्स स्पा विलेज और न्यू हाइट्स सोसायटी के करीब सात सौ परिवार मजबूरी में बोरवेल का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पानी का टीडीएस एक हजार से 1500 तक बताया जा रहा है।

समस्या की सुनवाई नहीं कर रहे अधिकारी

इस पानी के इस्तेमाल से निवासी त्वचा संबंधी समस्याओं, बाल झड़ने और घरेलू उपकरणों के खराब होने की समस्या से जूझ रहे हैं। बार-बार मांग के बाद भी फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी एसएस नरूला, प्रणय जैन, डॉ. योगेश शर्मा, विजय मल्होत्रा और न्यू हाइट्स के उप प्रधान गौरव सिंघल ने बताया कि करीब दो साल पहले पानी की सप्लाई के लिए एफएमडीए की ओर से पाइपलाइन बिछाई गई थी।

WhatsApp Image 2026-11-22 at 3.55.26 PM (1)

उस समय उम्मीद जगी कि घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा। लेकिन पाइपलाइन बिछाने के बाद भी नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। दोनों सोसायटी के लोग बोरवेल के पानी पर निर्भर हैं। दोनों सोसायटी में कुल 11 टावर हैं, यहां फ्लैट्स की कीमत डेढ़ करोड़ तक हैं। प्रतिदिन आठ से नौ लाख लीटर पानी की डिमांड होती है।

पानी की गुणवत्ता ने बढ़ाई लोगों की चिंता

स्थानीय निवासी आरके भाटिया, नलिन बिलोचन झा, अशोक त्यागी, लोकेश चावला और शिवचरण सिंह के अनुसार बोरवेल के पानी का टीडीएस 1500 से अधिक तक रहता है। पानी को इस्तेमाल करने से पहले प्यूरीफायर से साफ करना पड़ता है।

पानी की गुणवत्ता के कारण त्वचा संबंधी परेशानियां हो रही हैं और बाल झड़ने की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। पानी में घुले अधिक खनिजों और गंदगी के कारण नल और वाटर प्यूरीफायर भी जल्दी खराब हो रहे हैं। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

भूजल दूषित होने के पीछे टैंकर माफिया बड़ी वजह

स्थानीय निवासी योगेश धारीवाल, अभिषेक पांडेय, आरके गुप्ता और कोमेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कुछ जगहों पर टैंकर संचालक अवैध तरीके से सीवर का पानी खपा रहे हैं। इससे भूजल के दूषित होने का खतरा बढ़ रहा है। यदि इस तरह की गतिविधियों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है।

यही कारण है कि भूजल दूषित हो रहा है। यह समस्या सिर्फ ओमेक्स स्पा विलेज और न्यू हाइट्स की नहीं है, इससे अन्य सोसायटी के लोग भी जूझ रहे हैं। अधिकारियों से बार-बार पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग करके थक चुके हैं, बिल्डर की ओर से कोई खास सुनवाई नहीं की जा रही है।

दो साल पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी। लगा था कि अब पानी की समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन आज तक सप्लाई शुरू नहीं हुई। हम लगातार अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिलता है।
-हेमंत राणा, आरडब्ल्यूए प्रधान, ओमेक्स स्पा विलेज सोसायटी।

बोरवेल के पानी का टीडीएस बहुत अधिक रहता है। लोगों को त्वचा संबंधी परेशानियां हो रही हैं। अधिकारियों को पानी की गुणवत्ता की जांच कराकर जल्द समाधान करना चाहिए।
-राजीव सिंह, आरडब्ल्यूए प्रधान, ओमेक्स न्यू हाइट्स।

इस लाइन पर काम चल रहा है और अगले दो महीने में इससे जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। साथ ही सोसायटियों में पहुंच रहे पानी के टीडीएस की मात्रा की भी जांच कराई जाएगी। जिससे लोगों को राहत मिल सके। मौके पर कनिष्ठ अभियंता अभियंता को भी भेजा जाएगा। इसकी भी जांच की जाएगी कि बिल्डर की ओर से कनेक्शन लिया भी गया है या नहीं।
-अंकित भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में जोनल यूथ फेस्टिवल का भव्य आगाज, पहले दिन 20 प्रतियाोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।