फरीदाबाद में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तैयार 720 करोड़ का प्लान, स्वच्छता रैंकिंग सुधारने की तैयारी
फरीदाबाद नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले कूड़ा उठान की समस्या खत्म करने के लिए सरकार को 720 करोड़ ...और पढ़ें

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कवायद शुरू। फोटो: आर्काइव
HighLights
नगर निगम ने 720 करोड़ का कूड़ा उठान प्रस्ताव भेजा
शहर को ईस्ट और वेस्ट दो जोन में बांटा जाएगा
स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारने का लक्ष्य है
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठान की समस्या खत्म करने के लिए नगर निगम की ओर से सरकार के पास 720 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही जल्द ही मंजूरी देने का अनुरोध भी किया गया है, क्योंकि निगम स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले ही एजेंसी को नियुक्त करना चाहता है। ताकि इस बार शहर की रैंकिंग बेहतर हो सके।
शहर में जून 2024 तक इको ग्रीन कंपनी की ओर से डोर टू डोर कूड़ा उठान किया जा रहा था लेकिन इको ग्रीन कंपनी का अनुबंध रद होने के बाद दोबारा कोई नई एजेंसी पिछले दो साल से नियुक्त नहीं हो पाई।
अब केवल वेंडर ही कूड़ा उठान का काम कर रहे हैं, पर वेंडरों की ओर से कोई भी शिकायत नंबर जारी नहीं किया गया है। इसके साथ ही कई वेंडर निगम के पास रजिस्टर्ड नहीं है। वेंडरों द्वारा लोगों के साथ विवाद करने के मामले भी सामने आते हैं।
ईस्ट व वेस्ट बनाए दो जोन
नए प्रस्ताव में निगम की ओर से ईस्ट और वेस्ट जोन बनाए गए हैं। ईस्ट जोन के लिए 414 करोड़ रुपये का बजट बनाया गया है, जबकि वेस्ट के लिए 306 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया है। कुल 720 करोड़ रुपये का बजट सरकार काे भेजा है।
दोनों जोन के लिए अलग-अलग एजेंसियां नियुक्त की जाएगी। एजेंसियों को कूड़ा उठान करने के साथ साथ खत्तों से कूड़ा उठाकर निस्तारण साइट तक पहुंचाना होगा। अभी तक कूड़ा उठान के लिए अलग और खत्तों से एकत्र करने के लिए एजेंसी अलग से नियुक्त की जाती थी।
इसके साथ एजेंसी के साथ पांच साल का अनुबंध किया जाएगा। अगर एजेंसी सही से काम नहीं करती है तो इसको लेकर निगम को उसको बीच में हटाने का भी अधिकार होगा।
दो गांवों में कूड़ा किया जा रहा निस्तारित
निगम प्रतापगढ़ और मुजेड़ी में प्लांट लगाकर कूड़े को निस्तारित कर रहा है। मुजेड़ी पर 80 टन कचरा और प्रतापगढ़ में 50 टन कूड़ा निस्तारित किया जा रहा है। निगम की ओर कूड़ा निस्तारण को लेकर दो और नए प्लांट लगाने की तैयारी की जा रही है।
कूड़ा उठान को लेकर जल्द ही स्थिति नियंत्रण में होगी। निगम की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद शहर को दो भाग में बांटकर कूड़ा उठान का काम शुरू करवाया जाएगा।
- एशवीर सिंह, विशेष सफाई अधिकारी, नगर निगम
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में “मेरा युवा भारत, मेरी जिम्मेदारी” थीम पर निकाली पदयात्रा, शहीदी दिवस पर बलिदानियों को याद किया
