रोज के कलह से तंग आकर पत्नी ने जीजा के साथ मिलकर की पति को मार डाला, फरीदाबाद में सनसनीखेज खुलासा
फरीदाबाद में पत्नी ने रोज के झगड़ों से तंग आकर अपने जीजा के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या ...और पढ़ें

आरोपित महिला शिवानी और उसका भाई चंद्रप्रकाश पुलिस गिरफ्त में। सौ.पुलिस प्रवक्ता
HighLights
पत्नी ने जीजा के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या की
रोज के झगड़ों से तंग आकर दिया वारदात को अंजाम
शव को पहले जंगल में लटकाया, फिर कूड़े में फेंका
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। रोज के झगड़े से परेशान होकर पत्नी ने अपने जीजा के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले शव को जंगल में पेड़ पर फंदे पर लटका दिया। बाद में महिला के जीजा और भाई ने शव वहां से उतारकर कूड़े के ढेर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपित महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। डबुआ काॅलोनी के रहने वाले जयबीर का शव 23 मार्च को डबुआ पाली रोड पर कूड़े के ढेर में मिला था। मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि जयवीर रात 8:40 बजे घर से सब्जी लेने के लिए निकला था।
वह रात करीब 8:30 बजे ड्यूटी से घर लौटी थीं, उस समय जयबीर घर पर ही मौजूद था। इसके बाद उसने सब्जी लाने के लिए पैसे लिए और घर से निकल गया, लेकिन रात नौ बजे तक नहीं लौटा।
पुलिस से कहा था- सड़क किनारे मिला था पति का शव
शिवानी ने पुलिस को बयान दिया कि जब जयवीर देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो वह पड़ोसियों के साथ उन्हें ढूंढने के लिए निकलीं, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सुबह दोबारा तलाश करते हुए वह डबुआ-पाली रोड की तरफ पहुंचीं, जहां सड़क किनारे नाले के पास जयबीर का शव पड़ा दिखाई दिया।
शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे, ऐसे में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शुरू में पुलिस इसे शराब पीकर मौत का मामला मानकर चल रही थी।
पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि की
बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने जांच के दौरान मृतक की पत्नी शिवानी व साले चंद्रप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। शिवानी ने पूछताछ में बतया कि जयबीर शराब पीकर रोजाना उसके साथ झगड़ा करता था।
उससे छुटकारा पाने के लिये 23 अप्रैल की रात को उसने अपने जीजा जितेंद्र उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर पति जयबीर का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर गुमराह करने के लिये दोनों ने जयबीर के शव को जंगले में फांसी से लटका दिया।
इसके बाद 23 अप्रैल को सुबह के समय आरोपित पत्नी का भाई चंद्रप्रकाश व जीजा जितेंद्र उर्फ गुड्डू जयबीर के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर डबुआ पाली रोड उत्तम नगर के नजदीक कूडे के ढेर में फेंक आए। पुलिस ने चंद्रप्रकाश को जेल भेजा है वहीं शिवानी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
