फरीदाबाद के रिहायशी इलाके में दिखा विशाल अजगर, सेक्टर-81 में मचा हड़कंप; रेस्क्यू के बाद मिली राहत
फरीदाबाद के सेक्टर-81 में BPTP पुल के पास एक विशाल अजगर सड़क पर दिखा, जिसका वीडियो वायरल हो गया। वन ...और पढ़ें
HighLights
फरीदाबाद के सेक्टर-81 में विशाल अजगर सड़क पर दिखा
अजगर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ
वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित BPTP पुल के पास एक विशाल अजगर के सड़क पर दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चिलचिलाती गर्मी के बीच रिहायशी इलाके में इस तरह अजगर का निकलना स्थानीय लोगों के लिए डर का कारण बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजगर सड़क के बीचों-बीच धीरे-धीरे रेंगते हुए आगे बढ़ रहा था। उसका आकार इतना बड़ा था कि राहगीरों ने दूर से ही अपने वाहन रोक दिए और मौके का वीडियो बनाने लगे। कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
अजगर मिलने की पहली घटना नहीं
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। नहर पार के सेक्टरों सहित आसपास के इलाकों में पहले भी अजगर देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे साफ है कि शहर के नजदीक वन्य जीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जो सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनता जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। बाद में उसे सुरक्षित तरीके से पास के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती गर्मी और शहरी विस्तार के चलते वन्य जीव अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी वन्य जीव के दिखने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई है।
