विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: फरीदाबाद में कचरा निस्तारण पर बड़ा फैसला, प्रतापगढ़ प्लांट बनने तक मिर्जापुर गांव में कूड़ा डालेगा निगम

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:32 AM (IST)

फरीदाबाद में कचरा निस्तारण संकट के बीच, नगर निगम मिर्जापुर गांव में कूड़ा डालेगा जब तक प्रतापगढ़ में 650 टन क्षमता वाला प्लांट तैयार नहीं हो जाता।

फरीदाबाद में कूड़े का ढेर। जागरण

फरीदाबाद में कूड़े का ढेर। जागरण

HighLights

  1. प्रतापगढ़ प्लांट बनने तक मिर्जापुर में कूड़ा डलेगा।

  2. भांकरी गांव पर हाईकोर्ट के स्टे से समस्या बढ़ी।

  3. फरीदाबाद में 50 हजार टन कूड़ा जमा, सड़कों पर फैला।

दीपक पांडेय, फरीदाबाद। प्रतापगढ़ में 650 टन क्षमता वाला प्लांट लगने तक नगर निगम की ओर से मिर्जापुर गांव में कूड़ा डाला जाएगा। निगम की ओर से जमीन को चिन्हित कर लिया गया है।

अगले सप्ताह से मिर्जापुर में निगम की ओर से चिन्हित की गई जमीन पर कूड़ा डालना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, विरोध के डर की वजह से निगम अधिकारी मिर्जापुर में कूड़ा डालने को लेकर स्पष्ट नहीं बोल रहे हैं।

इस समय शहर में करीब 50 हजार टन कूड़ा अलग-अलग जगहों पर पड़ा है। निगम की ओर से पहले भांकरी गांव में कूड़ा डाला जा रहा था। लेकिन भांकरी गांव के लोगों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

70 हजार टन कूड़े का पहाड़

हाईकोर्ट ने भांकरी गांव के रकबे में आने वाली जमीन को वन्य जीवों के लिए संरक्षित बताकर उस पर स्टे लगा दिया। जिसकी वजह से निगम की परेशानी बढ़ गई। क्योंकि प्रतापगढ़ में पहले ही 70 हजार टन कूड़े का पहाड़ खड़ा हुआ है। केवल 150 टन ही निस्तारित हो पा रहा है।

इसके साथ ही मुजेड़ी में भी नगर निगम केवल 150 टन कूड़ा निस्तारित कर पा रहा है। जबकि प्रतिदिन पूरे शहर से 1200 टन से अधिक कूड़ा निकल रहा है।

खत्तों से बाहर सड़क पर फैलने लगा है कूड़ा

नगर निगम की तरफ से शहर में अलग-अलग जगहों पर 50 से अधिक खत्ते बनाए गए है। लेकिन कूड़ा खत्तों से बाहर अब सड़क पर आ गया है। जिससे लोगों का सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। डंपिंग साइट की जगह नहीं मिलने की वजह से निगम कूड़े का उठान काफी धीमी गति से कर रहा है। हालांकि मिर्जापुर में अब निगम को उम्मीद है कि स्थिति में सुधार आ जाएगा।

भांकरी गांव की जमीन पर हाईकोर्ट का स्टे लगने के बाद नई जगह निगम की ओर नई जगह तलाश ली गई है। मिर्जापुर के बारे में अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। लेकिन सड़क पर फैला हुआ कूड़ा जल्द खत्म होता हुआ नजर आएगा। - यशेंद्र सिंह, आयुक्त नगर निगम

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के प्रतापगढ़ में 70 हजार टन कूड़े का पहाड़, बदबू से 22 हजार लोगों का जीना मुश्किल; मंत्री के दावे फेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।