फरीदाबाद में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान ट्रेनी पटवारी को बनाया बंधक, पुलिस पहुंची तो सामने आई हकीकत
फरीदाबाद के मंधावली गांव में डिजिटल क्राप सर्वे के दौरान एक ट्रेनी पटवारी को ग्रामीण ने बंधक बना लिया। पटवारी खेतों पर बने मकान की फोटो खींच रहा था, जिस पर ग्रामीण ने परिवार की तस्वीरें लेने का आरोप लगाया।
-1774679388653_m.webp)
ट्रेनी पटवारी को ग्रामीण ने बनाया बंधक। (AI Generated Image)
HighLights
ट्रेनी पटवारी को मंधावली गांव में बंधक बनाया गया।
डिजिटल क्राप सर्वे के दौरान मकान की फोटो खींची।
पुलिस हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण मौके से भाग गया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। डिजिटल क्राप सर्वे के दौरान ट्रेनी पटवारी को मंधावली गांव में खेतों पर बने मकान की फोटो खींचने पर एक ग्रामीण ने बंधक बना लिया। इतना नहीं पटवारी पर परिवार की बहन-बेटियों के फोटो खींचने का आरोप लगाते हुए थाना तिगांव पुलिस को भी सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि डिजिटल क्राप सर्वे का काम चल रहा है। ट्रेनी पटवारी ने सर्वे के दौरान मकान का फोटो खींचा है। पुलिस ने ग्रामीण को सरकारी काम-काज में बाधा पहुंचाने पर कार्रवाई करने की धमकी दी तो वह मौके से भाग गया।
मामला रफा-दफा किया
ट्रेनी पटवारी ने इस मामले में विभागीय उच्च अधिकारियों को बताया तो उन्होंने काम करने की सलाह देकर मामला रफा-दफा कर दिया।
इस बार पटवारियों को डिजिटल क्राप सर्वे में खेतों में बने निर्माणों जो गैर मौरुसी बैठे हैं उनके भी फाेटो खींच कर अपलोड करने के लिए सरकार ने आदेश दिए हैं। इन आदेशों के तहत पटवारी और ट्रेनी पटवारी खेतों में बने हुए निर्माणों का फोटो खींच कर आनलाइन अपलोड कर रहे हैं।