पाकिस्तान से जुड़े जासूसी रैकेट का आरोपी नौशाद गिरफ्तार, पेट्रोल पंप पर चला रहा था पंक्चर की दुकान
गाजियाबाद पुलिस ने फरीदाबाद के नचौली गांव से नौशाद को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह तीन महीने ...और पढ़ें

जासूसी के आरोप में पंक्चर बनानेवाले नौशाद को पुलिस ने पकड़ा।
HighLights
नौशाद को गाजियाबाद पुलिस ने फरीदाबाद से पकड़ा।
पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप, पेट्रोल पंप पर काम।
कर्मचारियों को उसके व्यवहार में कुछ संदिग्ध नहीं लगा।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। जिले में अलफलाह यूनिवर्सिटी में सफेदपोश आतंक का पर्दाफाश हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है कि गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आकाओं के लिए देश भर में जासूसी व रेकी करने के आरोप में गांव नचौली से नौशाद नाम के युवक को पकड़ लिया है। गाजियाबाद पुलिस द्वारा पकड़ा गया नौशाद गांव नचौली में एक साल पहले खुले पेट्रोल पंप पर तीन महीने से पंक्चर बनाने की दुकान चला रहा था।
16 मार्च की शाम गाजियाबाद पुलिस सादे कपड़ों में लोकेशन ढूंढते हुए पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने पहले एक-एक कर पेट्रोल पंप कर्मियों से नाम और मूल निवास पूछे। इस दौरान नौशाद वहीं बगल में हाथ देकर एक तरफ खड़ा रहा, मगर पुलिसकर्मियों ने उसकी तरफ ध्यान नहीं दिया।

इसके बाद वह वापस जाकर पंक्चर बनाने लगा। पुलिसकर्मी पड़ोस के एक मकान में चले गए, वहां उन्होंने उसका आधार कार्ड दिखाया, मगर उसमें भी चेहरा पहचान में नहीं आया। फिर पुलिसकर्मियों ने पूछा नौशाद नाम का कोई व्यक्ति आस-पास रहता है। तब उन लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप पर पंक्चर बनाने वाले युवक का नाम नौशाद है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा और कार में बिठा लिया। उसका मोबाइल पेट्रोल पंप पर बने कार्यालय में चार्जिंग पर लगा था, बाद में एक पुलिसकर्मी मोबाइल निकालकर लाया।
पूर्व मैनेजर ने खुलवाई थी पंक्चर की दुकान
नियमानुसार प्रत्येक पेट्रोल पंप पर पंक्चर की दुकान खोलना अनिवार्य है। पेट्रोल पंप खुलने के काफी दिन बाद जब दुकान नहीं खुली तो तत्कालीन मैनेजर रविंदर ने मेवला महाराजपुर पेट्रोल पंप पर पंक्चर की दुकान करने वाले मुमताज से दुकान खोलने के लिए कोई व्यक्ति देने को कहा।
मुमताज मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर थाना काटी क्षेत्र के अंतर्गत हरचंदा गांव का रहने वाला है। नौशाद भी इसी गांव का है। नौशाद भी उससे काफी दिनों से फरीदाबाद में काम दिलाने की कह रहा था। मुमताज ने उसे बुला लिया, तब नौशाद कोलकाता में था। करीब तीन महीने पहले पेट्रोल पंप पर उसकी दुकान खुलवा दी। रविंदर एक महीने पहले नौकरी छोड़कर जा चुका है।

फरीदाबाद में ही रहता है नौशाद का मामा
नौशाद का मामा अली राजा भी फरीदाबाद में रहता है, वह भी पंक्चर की दुकान चलाता है। उसने बताया कि 16 मार्च को उसके पास नौशाद के पिता मोहम्मद जलाल का फोन आया था। उसने बताया था कि नौशाद काफी दिन से घर से लापता है, उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो बताना, मगर तब उसे यह नहीं मालूम था कि नौशाद फरीदाबाद में ही काम कर रहा है।
पंप के कर्मचारी हैरत में
हिंदुस्तान पेट्रोलियम का यह पेट्रोल पंप फरीदाबाद के रहने वाले शिवशांत प्रसाद गुप्ता ने एक साल पहले खोला है। यहां काम करने वाले संतोष ने बताया कि शुरू में लगा था कि पुलिस उसे किसी चोरी या झपटमारी जैसे मामले में पकड़कर ले गई है। इसलिए ज्यादा ध्यान नहीं दिया। रविवार को जब पुलिस पहुंची तो बताया कि उसके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा है, यह जानकर उन्हें हैरत हुई। दूसरे कर्मचारी विकास ने बताया कि उसके व्यवहार से कभी पता नहीं चला कि उसके भीतर क्या चल रहा है।
