फरीदाबाद ITI भवन: आठ साल बाद भी अधूरा, सीवर कनेक्शन भूल गए अधिकारी
फरीदाबाद के एनआइटी पांच स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) के नए भवन का हैंडओवर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से अटका है।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान।
HighLights
फरीदाबाद ITI भवन हैंडओवर में लोक निर्माण विभाग की देरी।
सीवर लाइन कनेक्शन न होने से नया भवन अटका।
नौ सौ से अधिक छात्र पुराने जर्जर भवन में पढ़ रहे।
निभा रजक, फरीदाबाद। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और लेटलतीफी का खामियाजा एनआइटी पांच स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) के नौ सौ से अधिक छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। दो महीने में सिर्फ पानी का कनेक्शन हो पाया है।
जबकि सेप्टिक टैंक से इमारत का सीवर लाइन का कनेक्शन अभी होना बाकी है। ऐसे में छात्रों को नए भवन के लिए फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा। अधिकारियों की ओर से नवंबर के दूसरे सप्ताह तक भवन को हैंडओवर करने का दावा किया जा रहा है।
सात करोड़ रुपये का बजट जारी
वर्ष 2019 में आइटीआइ की इमारत का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा कार्य शुरू किया गया। निर्माण के लिए सात करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ था। लेकिन वर्ष 2020 में कोरोना के कारण लगे लाकडाउन से निर्माण कार्य रूक गया। जब दोबारा निर्माण कार्य शुरू हुआ तो बजट कम पड़ गया।
फिर बजट बढ़ाकर नौ करोड़ रुपये कर दिए गए। वर्ष 2022 में भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन हालात यह है कि आठ वर्ष बाद भी भवन हैंडओवर नहीं हो सका है। पहले पानी और अब सीवर का कनेक्शन रोड़ा बन रहा है। उधर, जर्जर और कंडम भवन में छात्र पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। आए दिन कक्षा से प्लास्टर और सीमेंट गिरने की शिकायतें आ रही हैं।
सेप्टिक टैंक से इमारत का नहीं हुआ कनेक्शन
चार मंजिला इमारत को सभी सुविधाओं से लैस बनाने का निर्माण पर लोक निर्माण विभाग और कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से दावा किया जा रहा है।
लेकिन, हकीकत यह है अधिकारी सेप्टिक टैंक से इमारत के शौचालयों का कनेक्शन करना ही भूल गए हैं। आइटीआइ प्रबंधन की मांग के बाद भी अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में कनेक्शन नहीं होने से हैंडओवर अटका है और भवन में कक्षाएं आयोजित नहीं हो पा रही हैं।
'इमारत में पानी का कनेक्शन कर दिया गया है। सेप्टिक टैंक बना दिया गया है, कनेक्शन जल्द करके भवन हैंडओवर किया जाएगा।'
-प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
'नया शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो गया, लेकिन इमारत हैंडओवर नहीं हो सकी है। पुराने भवन में कक्षाएं आयोजित करने में परेशानी हो रही है। बार-बार लोक निर्माण विभाग को इमारत हैंडओवर करने के लिए लिखा जा रहा है।'
-भगत सिंह, प्रधानाचार्य सह नोडल अधिकारी, आइटीआइ।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, प्राइवेट को टक्कर देंगे 4 प्राइमरी स्कूल
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद से गिरफ्तार हुआ पंजाब हैंड ग्रेनेड हमले का आरोपित, ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े तार
