फरीदाबाद: सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, प्राइवेट को टक्कर देंगे 4 प्राइमरी स्कूल
फरीदाबाद के चार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

अब कॉन्वेंट की तर्ज पर होगी पढ़ाई (एआई इमेज)
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब प्राथमिक स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए जिले के चार राजकीय प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया है।
इनमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला घरौडा, समयपुर, जसाना और फतेहपुर तगां शामिल हैं। इन विद्यालयों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालय के नाम से जाना जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के साथ पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार करना है, जिससे विद्यार्थी आगे की कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
पीएम श्री स्कूल संचालित किए जा रहे
जिले में पहले से मॉडल संस्कृति और पीएम श्री स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। जिनमें केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से पढ़ाई कराई जाती है। इन स्कूलों में दाखिला के लिए ड्रा निकाला जाता है। सीट से अधिक आवेदन होने के कारण सभी विद्यार्थियों को मौका नहीं मिल पाता है।
ऐसे में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए शिक्षकों की नियुक्ति स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। योग्य शिक्षकों के चयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे बच्चों को पढ़ाई के दौरान बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने पर जोर
प्राथमिक कक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की नींव होती हैं। इस दौरान बच्चों में पढ़ने, लिखने, समझने और सवाल पूछने की क्षमता विकसित होती है। अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू होने पर विद्यार्थियों को शुरुआती कक्षाओं से ही अंग्रेजी भाषा का ज्ञान मिलेगा।
इससे उन्हें आगे की पढ़ाई में मदद मिलेगी। साथ ही आत्मविश्वास बढ़ेगा। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इसका उद्देश्य स्कूलों में पढ़ाई के अनुकूल माहौल तैयार करना और शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। बेहतर सुविधाओं और योग्य शिक्षकों की मदद से बच्चों को सीखने के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
चार राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार कर पढ़ाई के स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। निदेशालय की ओर से इस संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है।
-सतीश चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी, बल्लभगढ़।
