विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस दिन मिलना था प्रमोशन, उसी दिन पहुंच गया हवालात, फरीदाबाद में 3 लाख की घूस लेते JE रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:54 PM (IST)

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, फरीदाबाद के जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार को पदोन्नति से कुछ घंटे पहले तीन लाख रुपये की ...और पढ़ें

प्रमोशन से पहले ही जेई घूम लेते गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

प्रमोशन से पहले ही जेई घूम लेते गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की गुरुग्राम टीम ने शुक्रवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), फरीदाबाद में तैनात जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

खास बात यह है कि आरोपी जेई को इसी दिन एसडीओ के पद पर प्रमोट होना था, लेकिन प्रमोशन से कुछ घंटे पहले ही वह विजिलेंस के जाल में फंस गया।

मामला फरीदाबाद के सेक्टर-76 और 78 में भूमिगत बिजली केबल बिछाने के 10.50 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़ा है। इस काम का ठेका शिकायतकर्ता की फर्म को मिला था।

शिकायत के अनुसार, काम के एवज में 3.46 करोड़ रुपये की राशि जारी होने के बाद जेई सुरेंद्र कुमार ने दो प्रतिशत कमीशन के रूप में सात लाख रुपये की मांग की थी।

तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसवी एवं एसीबी को दी। शिकायत की जांच के बाद गुरुग्राम विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को तीन लाख रुपये की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए जेई को मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम के सहायक अभियंता ऋषभ मौजूद रहे।

प्रमोशन से कुछ घंटे पहले हुई गिरफ्तारी

आरोपी जेई सुरेंद्र कुमार के लिए शुक्रवार का दिन पदोन्नति के लिहाज से अहम था। उसे जूनियर इंजीनियर से एसडीओ के पद पर प्रमोट होना था।

पिछले कुछ समय से वह एसडीओ का ही काम देख रहा था, मगर शुक्रवार शाम तक उसके कागज तैयार होकर पहुंचने थे। पदोन्नति मिलने से पहले ही तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने उसके करियर पर सवाल खड़े कर दिए।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में सांड ने बुजुर्ग को सींगों से 7 फीट उठाकर पटका, फिर पैरों से कुचला; 6 दिन बाद अस्पताल में मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।