फरीदाबाद में सांड ने बुजुर्ग को सींगों से 7 फीट उठाकर पटका, फिर पैरों से कुचला; 6 दिन बाद अस्पताल में मौत
फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में एक बेसहारा सांड के हमले में 76 वर्षीय बुजुर्ग गुरुभजन की मौत हो गई। सांड ...और पढ़ें
HighLights
फरीदाबाद में सांड के हमले से बुजुर्ग गुरुभजन की मौत।
सांड ने बुजुर्ग को सात फीट हवा में उछालकर पटका था।
बेसहारा पशुओं के आतंक पर नगर निगम पर सवाल उठे।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में बेसहारा पशुओं का आतंक एक बुजुर्ग की जान ले गया। गुरुद्वारे से मत्था टेककर घर लौट रहे 76 वर्षीय गुरुभजन को एक सांड ने सींगों पर उठाकर करीब सात फीट हवा में उछाल दिया और फिर जमीन पर पटककर पैरों से कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने छह दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शुक्रवार सुबह ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सांड ने सात फीट हवा में उछालकर पटका
जानकारी के अनुसार, घटना सात नवंबर की रात करीब आठ बजे की है। डबुआ कॉलोनी निवासी गुरुभजन पास के गुरुद्वारे से मत्था टेककर अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक सांड दौड़ता हुआ उनकी तरफ आया। इससे पहले कि वह खुद को बचाने के लिए कुछ कर पाते, सांड ने उन्हें सींगों पर उठा लिया और करीब सात फीट ऊपर उछालकर जमीन पर पटक दिया।
इसके बाद सांड ने उन्हें पैरों से कुचलते हुए चला गया।
छह दिन तक चला इलाज, नहीं बची जान
हादसे में गुरुभजन को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत एनआईटी-तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन छह दिन तक चले इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बेसहारा पशुओं को लेकर निगम पर उठाए सवाल
मृतक के पोते गुरप्रीत ने आरोप लगाया कि घर के आसपास बेसहारा पशु खुलेआम घूमते रहते हैं। कई बार इन पशुओं से हादसे होने का खतरा बना रहता है, लेकिन नगर निगम की ओर से इन्हें पकड़ने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा।
उनका कहना है कि यदि समय रहते बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाया जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में स्वजन की ओर से अभी तक किसी के खिलाफ शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के प्रतापगढ़ में 70 हजार टन कूड़े का पहाड़, बदबू से 22 हजार लोगों का जीना मुश्किल; मंत्री के दावे फेल