फरीदाबाद में भूस्खलन रोकथाम पर महामंथन, चर्चा में शामिल हुए कई देशों के विशेषज्ञ
फरीदाबाद में 75 देशों के विशेषज्ञ सातवें विश्व भूस्खलन मंच पर भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की रणनीति बना रहे हैं।
-1795474130420_m.webp)
फरीदाबाद में भूस्खलन रोकथाम पर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का महामंथन ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
फरीदाबाद में 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन से निपटने की रणनीति बना रहे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सातवें विश्व भूस्खलन मंच का उद्घाटन किया।
भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, आधुनिक तकनीक और जोखिम आकलन पर मंथन।
प्रवीण कौशिक, फरीदाबाद। फरीदाबाद में सोमवार को दुनिया के 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की रणनीति बनाने के लिए जुटे। अमृता विश्व विद्यापीठम के परिसर में सातवें विश्व भूस्खलन मंच का शुभारंभ हुआ।
भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच को केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने संबोधित किया।
700 से अधिक शोधपत्र और सार हुए प्राप्त
आयोजन में 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। यहां भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, आधुनिक तकनीक, जोखिम आकलन और सुरक्षित निर्माण जैसे मुद्दों पर मंथन हो रहा है।
साथ ही भूस्खलन से बचाव के लिए प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। बता दें अमृता ने 2006 में भूस्खलन अनुसंधान शुरू किया था।
विश्वविद्यालय ने केरलम के मुन्नार में पूर्व चेतावनी के लिए वायरलेस सेंसर नेटवर्क विकसित किया और बाद में सिक्किम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता-सक्षम निगरानी का विस्तार किया।
एआई की भी ले रहे मदद
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा भारत भूस्खलन जोखिम से निपटने के अपने दृष्टिकोण को लगातार सशक्त कर रहा है। आपदा के बाद कार्रवाई करने से आगे बढ़कर रोकथाम, पूर्वानुमान और तैयारी में निवेश किया जा रहा है।
हिमालय और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी घाट तक फैली देश की विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निरंतर शोध और समन्वय का विशेष महत्व है।
हम भूस्खलन संवेदनशीलता के मानचित्रण और पूर्वानुमान का विस्तार कर रहे हैं, बेहतर डेटाबेस तैयार कर रहे हैं और जोखिम आकलन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भू-स्थानिक तकनीकों, उपग्रह अवलोकनों, सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
मंच की अध्यक्ष और अमृता विश्व विद्यापीठम की प्रो-वाइस चांसलर डॉ मनीषा विनोदिनी रमेश और अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ के अध्यक्ष प्रो. जेल्को अर्बानास ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ श्रीनिवास कुमार तुम्माला, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ कृष्ण एस. वत्सा और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महानिदेशक दिनेश विट्ठलराव गनवीरभी शामिल हुए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में यूनेस्को की आपदा जोखिम न्यूनीकरण इकाई के प्रमुख डॉ सोइचिरो यासुकावा, क्योटो लैंडस्लाइड कमिटमेंट 2020 के महासचिव प्रो. क्यो़जी सासा, अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन कार्यक्रम और क्योटो लैंडस्लाइड कमिटमेंट की वैश्विक संवर्धन समिति के अध्यक्ष प्रो. मात्याज़ मिकोश तथा आइसीएल की निर्वाचित अध्यक्ष प्रो. इरासेमा अल्कांतारा-अयाला शामिल थे।
सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदायों के लिए भूस्खलन विज्ञान और व्यवहार विषय पर आयोजित यह मंच 27 नवंबर तक जारी रहेगा। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी मंच को संबोधित करने आएंगे।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में बीपीसीएल ट्रक ड्राइवरों ने किया मारपीट का विरोध, हड़ताल की दी धमकी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।