विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में ड्यूल डेस्क का वादा अधूरा, सर्दी में फर्श पर ठिठुरेंगे 15 हजार नौनिहाल

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:23 PM (GMT+05:30)

फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में 15 हजार से अधिक छात्र ड्यूल डेस्क के अभाव में ठिठुरती सर्दी में टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

फरीदाबाद में टाट पर पढाई करते विद्यार्थी। फोटो-जागरण आर्काइव

फरीदाबाद में टाट पर पढाई करते विद्यार्थी। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. फरीदाबाद के 15 हजार से अधिक छात्र डेस्क के बिना पढ़ रहे हैं।

  2. मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद डेस्क खरीद प्रक्रिया टेंडर में अटकी।

  3. सर्दी में फर्श पर बैठने से छात्रों को भारी परेशानी का सामना।

निभा रजक, फरीदाबाद। जिले के सरकारी स्कूलों के 15 हजार से अधिक नौनिहाल इस वर्ष भी ड्यूल डेस्क के अभाव में ठिठुरती हुई सर्दी में टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करेंगे।

ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अभी तक स्कूलों में ड्यूल डेस्क पहुंचने शुरु नहीं हुए हैं, जबकि दो मार्च को बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक नवंबर से स्कूलों में ड्यूल डेस्क पहुंचाने की घोषणा की थी। अक्टूबर में ड्यूल डेस्क की खरीद होनी थी, लेकिन विभाग और सरकार अभी टेंडर प्रक्रिया में ही उलझे हैं।

गर्मी गुजर गया लेकिन सर्दी का क्या?

फरीदाबाद और बल्लभगढ़ ब्लाक में 378 राजकीय प्राथमिक, उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में बाल वाटिका से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों की संख्या लगभग एक लाख है। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार ड्यूल डेस्क नहीं है।

ऐसे में विद्यार्थी टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। गर्मी में जैसे-तैसे गुजर हो गया, लेकिन सर्दी में विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ जाएगी। क्योंकि स्कूलों में खिड़कियां और दरवाजे भी टूटे हुए हैं, जिससे तेज हवा आती है, ऊपर से विद्यार्थी फर्श पर बैठते हैं।

विद्यार्थियों के अनुसार डेस्क नहीं

सबसे ज्यादा बुरे हालात राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुजेसर, राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला ओल्ड फरीदाबाद, राजकीय प्राथमिक पाठशाला न्यू जनता कॉलोनी और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला सारन, झाड़सेतली तथा फतेहपुर बिल्लौच के स्कूलों के हैं। यहां विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार ड्यूल डेस्क ही नहीं है।

दो साल से नहीं हुई ड्यूल डेस्क की खरीद

सरकारी स्कूलों को ड्यूल डेस्क के लिए वर्ष 2023 में बजट जारी किया गया था, इसके बाद 2024 और 2025 में न ही राशि जारी की गई और न निदेशालय की ओर से डेस्क भेजे गए। स्कूल मुखियाओं के मुताबिक तीन वर्ष पहले एक ड्यूल डेस्क की कीमत 6600 रुपये थी।

विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और मुखिया डेस्क खरीदते थे। इस वर्ष में अप्रैल माह में ही स्कूलों से प्रफोर्मा भरवाकर ड्यूल डेस्क सहित अन्य जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कब तक डेस्क पहुंचेंगे इसकी जानकारी नहीं है।

बजट वापस कर देते हैं स्कूल मुखिया

हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के जिला प्रधान चतर सिंह ने बताया कि अधिकांश सरकारी स्कूलों में कमरों का अभाव है, जिससे स्कूल मुखिया डेस्क का बजट वापस कर देते हैं। क्योंकि यदि डेस्क खरीदा और संभालकर नहीं रखा तो इसके लिए भी मुखिया की ही जवाबदेही तय होगी।

डेस्क की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा है, अधिकांश स्कूलों में चौकीदारी ही नहीं है, जिससे आस-पास के लोग डेस्क तक उठा ले जाते हैं। अव्यवस्था का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ता है।

अब सुबह शाम हल्की सर्दी महसूस होने लगी है। आगामी दिनों में तापमान में गिरावट से ठिठुरनबढ़ेगी। ऐसे में स्कूलों में जल्द ड्यूल डेस्क पहुंचने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को सर्दी में परेशानी का सामना न करना पड़े।
-विजय मुदगिल, प्रदेश उपाध्यक्ष, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ।

निदेशालय की ओर से स्कूलों से विद्यार्थियों और ड्यूल डेस्क की जानकारी मांगी गई थी। स्कूलों की ओर से भेज दी गई है। निदेशालय द्वारा जल्द ड्यूल डेस्क भेजे जाने की उम्मीद है। जिससे विद्यार्थियों को सर्दी में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-डा. मनोज मित्तल, उप जिला शिक्षा अधिकारी।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: 13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, घाटों की सफाई और सजावट में जुटे श्रद्धालु

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।