गर्लफ्रेंड को जहर देकर खुद की हिम्मत दे गई जवाब, मरने का नाटक रच फरीदाबाद से भागा ब्वॉयफ्रेंड; गिरफ्तार
फरीदाबाद के सराय ख्वाजा में डीयू छात्रा अरुणा की हत्या के आरोप में विपिन यादव को गिरफ्तार किया गया है। दोनों प्यार करते थे, उसने अरुणा को जहर दिया लेकिन खुद आत्महत्या की हिम्मत नहीं कर सका।

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी विपिन। फोटो: फरीदाबाद पुलिस
HighLights
डीयू छात्रा अरुणा की फरीदाबाद में हत्या।
प्रेमी विपिन यादव गिरफ्तार, आत्महत्या का प्रयास।
परिवार की असहमति हत्या का मुख्य कारण।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सराय ख्वाजा स्थित गेस्ट हाउस में डीयू की छात्रा अरुणा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी विपिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने बताया है कि दोनों प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे, मगर परिवार वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए दोनों ने आत्महत्या करने की सोची।
जहरीला पदार्थ पिलाकर फरार हुआ आरोपी
23 नवंबर को गेस्ट हाउस में उसने अरुणा को जहरीला पदार्थ पिला दिया, मगर खुद हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन उसकी हिम्मत जवाब दे गई।
इसलिए वह पुलिस को गुमराह करने के लिए कंफेशन नोट में नहर में कूदने की बात लिखकर फरार हो गया। वह अपने गांव टीका मांडिया पूर्वा खडकपुर जिला अमेठी में छिपा हुआ था। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने उसे वहां से गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
परिवार को संबंधों की जानकारी होने का दावा
अरुणा के परिवार वालों ने पहले कहा था कि दोनों के संबंधों के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी, मगर आरोपी का कहना है कि परिवार वालों को सारी बातें मालूम थीं।
पुलिस के अनुसार 23 नवंबर को वह अरुणा को बहला-फुसलाकर थाना सेक्टर-37 क्षेत्र स्थित एक होटल पर ले गया। वह अपने साथ चूहे मारने की दवा भी लेकर गया था।
जहां पर उसने चूहे मारने की दवा पानी में घोलकर अरुणा को पिला दी और वहां से भाग गया। गुमराह करने के लिए उसने अपने मरने का एक नोट भी लिखकर होटल में ही छोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें- शव लेकर डेढ़ घंटे बाहर खड़ी रही महिला पुलिसकर्मी, पत्थर से तोड़ना पड़ा ताला; फरीदाबाद अस्पताल की बड़ी लापरवाही