विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली विरोध प्रदर्शन के कारण फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर सील, घंटों तक जाम में फंसे रहे लोग

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:46 PM (GMT+05:30)

फरीदाबाद से दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी बॉर्डर एक विरोध प्रदर्शन के कारण सील कर दिए गए, जिससे शनिवार को भीषण ट्रैफिक जाम और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।

वाहनों की सघन तलाशी लेते हुए पुलिसकर्मी। जागरण

वाहनों की सघन तलाशी लेते हुए पुलिसकर्मी। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली विरोध प्रदर्शन के कारण फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर सील।

  2. बॉर्डर सील होने से भीषण ट्रैफिक जाम, ट्रेनें रद्द।

  3. यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। राजधानी में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के कारण शुक्रवार रात से फरीदाबाद की ओर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी बार्डर सील कर दिए गए।

फरीदाबाद सीमा के सात बार्डर पर नाकाबंदी की गई थी। प्रत्येक नाके पर एक एसीपी, दो निरीक्षक व 30 पुलिसकर्मी तैनात रहे।

सघन जांच के कारण भीषण ट्रैफिक जाम

नाकाबंदी व सघन जांच के चलते बदरपुर-फरीदाबाद बार्डर पर शनिवार सुबह भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। सुबह नौकरी व अन्य काम-धंधे पर निकले लोग फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड, फरीदाबाद-दिल्ली मथुरा रोड, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाम में फंस गए। चेकिंग के कारण लोगों को नाके से निकलने में काफी वक्त लगा।

कई लोकल ट्रेनें रद

दिल्ली की ओर जाने वाली लोकल एवं लंबी दूरी की ट्रेनों को रद कर दिया गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों ने प्लेटफार्म व रेलवे परिसर में सुरक्षा चौकसी बढ़ा रखी थी।राज्य परिवहन निगम की बसें तो चलीं लेकिन दिल्ली जाने वाली सवारियां बहुत कम थीं।

रेलवे पर भी पड़ा प्रदर्शन का असर

फरीदाबाद से होकर दिल्ली जाने वाली वाली सात ट्रेनों को रद किया गया है। इंदौर से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12415, इसकी वापसी सेवा 12416 शामिल है। इसके अलावा जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12189 और इसकी वापसी सेवा 12190 सूची में शामिल है।

बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12247 और इसकी वापसी सेवा 12248 भी प्रभावित रहेगी।
आगरा कैंट से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14211 सूची में शामिल की गई है। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी जा रही है।

उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सभी रेलवे स्टेशनों पर राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मचारियों को तैनात किया गया था। रेलवे सुरक्षा बल की टीमें भी तैनात रहीं। स्टेशन पर किसी तरह की अवांछनीय हरकत सामने नहीं आई। लोकल ट्रेन नहीं चलने के कारण यात्रीगण स्टेशन पर पहुंचे ही नहीं। सब स्टेशन वीरान से रहे।
- राजेश चेची, डीएसपी, जीआरपी, फरीदाबाद।

शाम तक लोकल ट्रेन के पुन: चालू होने की कोई सूचना नहीं मिली थीं। लंबी दूरी की ट्रेन, जो दिल्ली जा रही हैं, उन्हें फरीदाबाद स्टेशन पर अतिरिक्त स्टापेज दिया है, ताकि जो लौटकर फरीदाबाद, गुरुग्राम जाना चाहते थे, वे फरीदाबाद में उतरकर गंतव्यों तक जा सकें। फरीदाबाद में सुबह गोवा एक्सप्रेस और गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन को दिल्ली से पहले स्टापेज दिया गया था।
- बीएस भंडारी, स्टेशन अधीक्षक, ओल्ड फरीदाबाद।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: 'दुर्घटना से देरी बेहतर', सिटी बस सेवा शुभगमन का सुरक्षा ऑडिट होने पर बोले यात्री