विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जोमैटो रिफंड के नाम पर 46 हजार की ठगी से खुला 61 करोड़ का खेल, फरीदाबाद कोर्ट ने ठुकराई जमानत याचिका

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:17 AM (IST)

एक बैंक खाते से जुड़ी 502 साइबर ठगी की शिकायतों और 61.27 करोड़ रुपये के लेनदेन के मामले में आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका फरीदाबाद अदालत ने खारिज कर दी है। 

अदालत ने ठगी के आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका खारिज कर दी। फोटो: सांकेतिक

अदालत ने ठगी के आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका खारिज कर दी। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. एक बैंक खाते से देशभर में 502 साइबर ठगी की शिकायतें।

  2. इस खाते में कुल 61.27 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

  3. आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका अदालत ने खारिज की।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। एक बैंक खाते के खिलाफ देशभर में साइबर ठगी की 502 शिकायतें दर्ज हैं। इस खाते में कुल 61 करोड़ 27 लाख रुपये की रकम का लेनदेन पाया गया है।

इतनी बड़ी संख्या में शिकायतों और ठगी के आरोपों को देखते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका खारिज कर दी।

मामला फरीदाबाद साइबर क्राइम थाना एनआईटी में दर्ज 46 हजार रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता गायत्री यादव ने जोमैटो से खाना ऑर्डर किया था, लेकिन ऑर्डर रद हो गया।

रिफंड लेने के लिए उन्होंने गूगल पर जोमैटो का नंबर तलाश कर फोन किया। फोन करने वाले ने उन्हें वाट्सएप पर संपर्क करने को कहा। इसके बाद एक लिंक भेजकर जानकारी भरने के लिए कहा गया।

लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और पंजाब नेशनल बैंक खाते से 46 हजार रुपये निकल गए।

तीन बैंकों के खातों से होकर पहुंची ठगी की रकम

जांच में ठगी की रकम पहले बैंक ऑफ इंडिया, फिर रत्नाकर बैंक और उसके बाद आरबीएल बैंक के खाते में पहुंची। यह आरबीएल बैंक खाता इश्पुजानी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर था।

पुलिस के अनुसार, शुभम भाटी और सह आरोपी दीपक सैनी इस कंपनी के निदेशक हैं। कंपनी के बैंक खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी शुभम के नाम पर जारी सिम से जुड़ा मिला। पुलिस ने शुभम भाटी को गिरफ्तार कर लिया।

खाते के खिलाफ देशभर में 502 शिकायतें

पुलिस ने अदालत को बताया कि इस खाते के खिलाफ देशभर से 502 शिकायतें मिली हैं और इसमें कुल 61.27 करोड़ रुपये आए हैं। शुभम के वकील ने दलील दी कि वह 18 सितंबर से न्यायिक हिरासत में है, उसके खिलाफ चालान पेश हो चुका है और अब कोई बरामदगी बाकी नहीं है।

बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि घटना के समय शुभम कंपनी का निदेशक नहीं था। वहीं, अभियोजन पक्ष ने जीएसटी विभाग से मिली जानकारी और बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर का हवाला देते हुए इन दलीलों का विरोध किया।

अदालत ने आरोपों की गंभीरता, 502 शिकायतों और दोबारा इसी तरह के अपराध की आशंका को देखते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी।

यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को जहर देकर खुद की हिम्मत दे गई जवाब, मरने का नाटक रच फरीदाबाद से भागा ब्वॉयफ्रेंड; गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।