जिस ऑडियो को सबूत के तौर पर दिया, उसी से पलटा केस... दुष्कर्म का आरोपी बरी; क्या था रिकॉर्डिंग में?
फरीदाबाद में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी छेदी लाल को अदालत ने बरी कर दिया है। अभियोजन पक्ष द्वारा पेश की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग ने महिला और आरोपी के बीच सहमति से संबंध होने का खुलासा किया, जिससे केस कमजोर पड़ गया।

फरीदाबाद कोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी को किया बरी। फोटो: आर्काइव
HighLights
दुष्कर्म के आरोपी छेदी लाल को फरीदाबाद कोर्ट ने बरी किया।
अभियोजन पक्ष की ऑडियो ने सहमति से संबंध होने का खुलासा किया।
महिला के पति ने आपत्तिजनक स्थिति देखकर आत्महत्या कर ली थी।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। अदालत में पेश की गई ऑडियो ने रिश्तों की परत खोल दी, संदेह का लाभ देते हुए दुष्कर्म के आरोपी को बरी कर दिया गया।
ऑडियो पीड़ित पक्ष की तरफ से अपना केस मजबूत करने के लिए पेश की गई थी, मगर यही आरोपी के बरी होने का सबसे बड़ा आधार बन गई। अदालत ने माना कि महिला के आरोपी के साथ संबंध थे।
ऑडियो से कमजोर हुआ अभियोजन का मामला
सरूरपुर चौक स्थित कबाड़ गोदाम में काम करने वाली महिला से बार-बार दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकश गुप्ता की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी छेदी लाल को बरी कर दिया है।
मामले के अनुसार, महिला ने 14 अप्रैल 2023 को महिला एनआईटी थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह सात जनवरी 2023 से सरूरपुर चौक स्थित गोदाम में हेल्पर का काम करती थी। वहां छेदी लाल फोरमैन था।
आरोप था कि 10 जनवरी को छेदी लाल उसे जबरन गोदाम के कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद भी अलग-अलग तारीखों पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 19 मार्च को छेदी लाल उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसी दौरान उसका पति घर लौट आया और उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके अगले दिन महिला के पति ने आत्महत्या कर ली थी।
पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा
फैसले का सबसे अहम पहलू अभियोजन पक्ष की ओर से पेश ऑडियो बातचीत रही। इसमें महिला और उसके देवर के बीच बातचीत है।
इसमें देवर कहता सुनाई दे रहा है कि महिला और छेदी लाल के बीच संबंध बन गए थे और दोनों एक-दूसरे के पास आने-जाने लगे थे। बातचीत में यह भी कहा गया कि महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।
देवर ने आरोपी से बच्चों की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने की बात भी कही थी।
बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर दबाव बनाने की आशंका
अदालत के अनुसार, यह ऑडियो पीड़ित पक्ष ने ही साक्ष्य के रूप में पेश किया था और उससे मुकरा भी नहीं था। ऐसे में अदालत ने इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना।
अदालत ने कहा कि इस बातचीत से जबरन दुष्कर्म के बजाय सहमति से संबंध होने और पति की आत्महत्या के बाद बच्चों की आर्थिक जिम्मेदारी को लेकर दबाव बनाने की संभावना सामने आती है। इससे अभियोजन की मूल कहानी कमजोर हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।