विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 25 गांवों के लोगों का इंतजार खत्म, मोहना बस अड्डे से शुरू हुई रोडवेज बसों की सेवा

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:34 AM (IST)

मोहना गांव में हरियाणा रोडवेज के नवनिर्मित बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू हो गया है, जिससे आसपास के करीब 25 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मोहना बस अड्डे से रोडवेज ने शुरू किया बसों का संचालन। जागरण

मोहना बस अड्डे से रोडवेज ने शुरू किया बसों का संचालन। जागरण

HighLights

  1. मोहना बस अड्डे से बसों का संचालन हुआ शुरू।

  2. करीब 25 गांवों के लोगों को मिलेगी आवागमन में सुविधा।

  3. डेढ़ करोड़ की लागत से बना नया बस अड्डा।

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। मोहना गांव में हरियाणा रोडवेज के नवनिर्मित बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू हो गया है। हालांकि, अभी इसका औपचारिक उद्घाटन होना बाकी है।

बस अड्डा शुरू होने से मोहना और आसपास के करीब 25 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। अब उन्हें सर्दी, धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे खड़े होकर बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

डेढ़ करोड़ रुपये से बना बस अड्डा

मोहना में बस अड्डा बनाने की योजना को विधायक मूलचंद शर्मा ने परिवहन मंत्री रहते हुए मंजूरी दी थी। इसके निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

बस अड्डा पूरी तरह तैयार हो चुका है और रोडवेज विभाग ने इसे लोक निर्माण विभाग से अपने नियंत्रण में ले लिया है।

बस अड्डे का नाम ऑनलाइन उद्घाटन के लिए चंडीगढ़ भेजा जा चुका है। इसका उद्घाटन किसी भी दिन किया जा सकता है। फिलहाल विभाग ने यहां से बसों का संचालन शुरू कर दिया है।

25 गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ

मोहना गांव यमुनापार खादर के 15 गांवों का केंद्र है। इसके अलावा हीरापुर, बलई, मोहना, जल्हाका, कुलैना, छांयसा और अमरपुर सहित आसपास के गांवों के लोग भी यहां से बस पकड़ सकेंगे।

इन गांवों के ग्रामीणों को बल्लभगढ़ और पलवल आने-जाने में सुविधा होगी। कुछ समय बाद यहां से चंडीगढ़ और दूसरे शहरों के लिए सीधी बसें चलाने की भी संभावना है।

पलवल और फरीदाबाद से चल रहीं बसें

हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के अनुसार, मोहना बस अड्डे के लिए पलवल डिपो से चार और फरीदाबाद डिपो से चार बसें चलाई जा रही हैं। पलवल और बल्लभगढ़ से 16-16 फेरे लगाए जा रहे हैं। बसों की सर्विस करीब एक घंटे के अंतराल पर है।

पलवल डिपो की एक बस सुबह यमुना पार खादर के सोलडा गांव के लिए भी जाती है। यात्रियों की जरूरत के अनुसार बाद में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद व पलवल डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के  मुताबिक, बस अड्डे का उद्घाटन अभी बाकी है, लेकिन यहां से बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।