विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू, लेकिन विक्रमशिला सेतु ने बिगाड़ा भागलपुर का खेल

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:42 AM (IST)

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो गई है, लेकिन विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भागलपुर के यात्रियों को फिलहाल इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। 

दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ। फोटो X@gupta_rekha

दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ। फोटो X@gupta_rekha

HighLights

  1. बिहार के 13 जिलों से दिल्ली बस सेवा शुरू।

  2. विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त होने से भागलपुर को झटका।

  3. परिवहन निगम को प्रतिदिन डेढ़ लाख का नुकसान।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू हो गई है, लेकिन भागलपुर के यात्रियों को फिलहाल इसका लाभ नहीं मिल पाएगा।

विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने और परिचालन बंद रहने के कारण भागलपुर से दिल्ली के बीच बस सेवा शुरू करने की योजना पर ब्रेक लग गया है।

भागलपुर के लिए प्रस्तावित 11 बसें अब जनवरी के बाद ही मिलने की संभावना है। हालांकि, यह भी विक्रमशिला पुल पर परिचालन बहाल होने पर निर्भर करेगा।

दरअसल, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से भागलपुर से दिल्ली के बीच भागलपुर-नवगछिया-बेगूसराय-मुजफ्फरपुर मार्ग से बसों का परिचालन प्रस्तावित है, लेकिन पुल टूटने के बाद इस मार्ग से बसों का संचालन संभव नहीं है।

ऐसे में भागलपुर क्षेत्रीय परिवहन प्रमंडल की ओर से फिलहाल बस परिचालन को लेकर कोई तैयारी नहीं की गई है। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बसें उपलब्ध होने के बाद कुछ बसों का परिचालन मुंगेर और जमुई से कराया जा सकता है, लेकिन भागलपुर डिपो से सेवा शुरू होने की संभावना फिलहाल नहीं है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस सेवा के तहत बिहार के 13 जिलों से 18 मार्गों पर बसें चलेंगी। पूर्णिया और अररिया की ओर से भी दिल्ली के लिए बस परिचालन की व्यवस्था की गई है। भागलपुर के यात्रियों को इस सुविधा के लिए अब विक्रमशिला पुल पर परिचालन बहाल होने का इंतजार करना पड़ेगा।

पुल टूटने से बसों का परिचालन ठप, हर दिन डेढ़ लाख का घाटा

विक्रमशिला पुल का स्लैब तीन मई की देर रात टूटकर गंगा नदी में समा गया था। इसके बाद से पुल पर परिचालन बंद होने का असर अब सरकारी बस सेवा पर भी दिखने लगा है।

भागलपुर पथ परिवहन निगम को प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पहले नवगछिया के रास्ते पूर्णिया और बेगूसराय जाने वाली बसों का परिचालन होता था, जो पूरी तरह बंद है।

पहले सरकारी बसों से रोजाना करीब 50 हजार और पीपीपी मोड की बसों से औसतन एक लाख रुपये की आमदनी होती थी। वर्तमान में केवल 12 से 15 बसें ही ठीक से चल रही हैं। अभी मुख्य रूप से पिंक बस और बांका-जमुई रूट पर बसों का परिचालन हो रहा है।

बसों का परिचालन घटने से बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा रहता है। यात्रियों को पूर्णिया, बेगूसराय और नवगछिया जाने के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

नियमित बस सेवा बंद होने से दैनिक यात्रियों को अधिक परेशानी हो रही है। पुल चालू होने तक परिवहन निगम के राजस्व और यात्रियों, दोनों को राहत मिलने की उम्मीद कम है।

अभी दिल्ली के लिए शुरू होने वाली बस सेवा विक्रमशिला पुल के कारण बंद रहेगा। पुल शुरू होने के बाद ही इसका परिचालन संभव है। जनवरी तक बस मिलेगी। अब नए क्षेत्रीय प्रबंधक आ रहे हैं। उन पर या निर्भर करेगा। मेरा स्थानांतरण गया हो गया है। -आशीष कुमार पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक भागलपुर परिवहन निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।