फरीदाबाद में बिल्डर की धोखाधड़ी, 80 फीसद भुगतान के बाद रद्द किए फ्लैट
फरीदाबाद के सर्वाेम प्रोजेक्ट में बिल्डर पर 80% से अधिक रकम लेने के बाद फ्लैट आवंटन रद्द कर दूसरों को ...और पढ़ें

फरीदाबाद में बिल्डर की धोखाधड़ी ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
बिल्डर ने 80% भुगतान के बाद फ्लैट आवंटन रद्द किए।
सर्वाेम प्रोजेक्ट के जोतिंद्रा स्टील कंपनी पर आरोप।
पुलिस ने धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सेक्टर-45 स्थित सर्वाेम प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के लिए 80 प्रतिशत से अधिक रकम जमा कराने के बावजूद बिल्डर पर आवंटन रद कर उन्हें दूसरे लोगों को बेचने का आरोप लगा है।
पुलिस ने जांच के बाद कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दी थी।
दो कमरों वाले फ्लैट बुक कराए गए थे
शिकायत में बताया गया कि उन्होंने जोतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड कंपनी के सर्वाेम प्रोजेक्ट में दो कमरों वाले फ्लैट बुक कराए थे। उन्होंने वर्ष 2023-24 तक फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था।
आरोप है कि कंपनी ने वर्ष 2024 में उनके फ्लैटों का आवंटन रद कर उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया, जबकि प्रोजेक्ट का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ था।
कानूनी कार्रवाई की उठी मांग
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित फ्लैट आईसीआईसीआई बैंक के पास गिरवी रखे गए थे। शिकायतकर्ताओं ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस आयुक्त कार्यालय से मिली शिकायत की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), एनआइटी ने जांच की। जांच के बाद सहायक जिला अटार्नी से कानूनी राय ली गई। इसके आधार पर मामला दर्ज करने की अनुमति ली गई।
यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ में छठ घाट पर अतिक्रमण, प्रवासी संघ ने की उपायुक्त से शिकायत