विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहदरा से महज 42 किमी दूर तड़पता रहा बेटा, थानों के चक्कर काटता रहा परिवार; सोती रही दो राज्यों की पुलिस

By Harender NagarEdited By: Deepti Mishra
Published: Wed, 18 Nov 2026 04:11 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के नवीन शाहदरा से लापता युवक कपिल की फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में 7 दिन तक लावारिस के ...और पढ़ें

दिल्ली के शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल की फाइल फोटो।

 दिल्ली के शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल की फाइल फोटो।

HighLights

  1. कपिल फरीदाबाद के अस्पताल में लावारिस के तौर पर भर्ती हुए।

  2. दिल्ली और हरियाणा पुलिस में तालमेल की कमी सामने आई।

  3. CCCTNS सिस्टम की उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। एक परिवार अपने बेटे की तलाश में थानों के चक्कर काटता रहा। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस उसे कहीं से ढूंढ निकालेगी। दूसरी तरफ उनका बेटा महज 42 किलोमीटर दूर फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। अस्पताल में उसकी पहचान एक लावारिस युवक के रूप में दर्ज थी।

सात दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन न तो उसकी पहचान सामने आ सकी और न ही परिवार तक कोई सूचना पहुंची। आखिरकार 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार को पता चला कि जिस बेटे को वे तलाश रहे थे, वह अब इस दुनिया में नहीं है। यह कहानी दिल्ली के नवीन शाहदरा निवासी कपिल की है।

इस घटना ने दिल्ली और हरियाणा पुलिस के बीच तालमेल, गुमशुदा लोगों की तलाश और पुलिस के डिजिटल सिस्टम की उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

'दोस्‍त से मिलने जा रहा हूं', कहकर घर से निकले थे कपिल

कपिल 7 नवंबर को मोटरसाइकिल से घर से फरीदाबाद दोस्त से मिलने की कहकर निकले थे। अगले दिन वह घायल अवस्था में एनएचएआई की एंबुलेंस को बॉर्डर के पास मिले। बादशाह खान अस्पताल में भर्ती कराया गया और स्थानीय चौकी पुलिस को सूचित कर दिया। अस्पताल में उन्हें लावारिस के तौर पर दाखिल किया गया।

उधर, कपिल के स्वजन ने उनकी तलाश शुरू कर दी और अगले ही दिन दिल्ली के शाहदरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दे दी। उधर दिल्ली पुलिस का दावा है कि वे कपिल की तलाश कर रहे थे। इधर, फरीदाबाद पुलिस का दावा है कि वे लावारिस के तौर पर भर्ती युवक के स्वजन की तलाश कर रहे थे।

इसके बावजूद सात दिनों तक दोनों राज्यों की पुलिस के बीच ऐसी कोई कड़ी नहीं जुड़ पाई, जिससे अस्पताल में भर्ती घायल युवक की पहचान कपिल के रूप में हो सके।

कपिल के स्वजन का कहना है कि यदि उन्हें समय रहते सूचना मिल जाती तो वे अस्पताल पहुंचकर बेहतर इलाज की व्यवस्था कर सकते थे। शायद कपिल की जान बचाने की कोशिश का उन्हें एक और मौका मिल जाता। परिवार अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है। सवाल सिर्फ यह नहीं है कि कपिल की तलाश क्यों नहीं हुई, बल्कि यह भी है कि अस्पताल में भर्ती अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए निर्धारित प्रक्रिया कितनी गंभीरता से अपनाई गई?

सिस्टम में दर्ज होती है गुमशुदगी, फिर कैसे नहीं जुड़ी कड़ी?

पुलिस के पास गुमशुदा लोगों और अज्ञात मिले व्यक्तियों की पहचान के लिए सीसीटीएनएस यानी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम जैसी राष्ट्रीय व्यवस्था मौजूद है। इसके माध्यम से पुलिस थानों का डेटा आपस में साझा होता है।

राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के मुताबिक, सीसीटीएनएस के तहत गुमशुदा व्यक्तियों का मिलान देशभर में मिले अज्ञात व्यक्तियों और अज्ञात शवों के रिकार्ड से किया जा सकता है। इसके लिए सिस्टम में दर्ज विवरण के आधार पर संभावित मिलान भी तैयार होते हैं और संबंधित पुलिस थानों को ई-मेल अलर्ट भेजे जाते हैं। यानी व्यवस्था का मकसद ही यह है कि एक राज्य में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी दूसरे राज्य में मिले अज्ञात व्यक्ति से जुड़ सके।

क्‍या बोले अधिकारी?

कपिल की बाइक तलाश की जा रही है। एनएचएआई के कार्यालय जाकर वहां से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बादशाह खान अस्पताल से हमें समय पर सूचना नहीं मिली, इस कारण सीसीटीएनएस पर कपिल की जानकारी अपलोड नहीं की जा सकी। - मनोज कुमार, प्रभारी एनआइटी तीन पुलिस चौकी

यह भी पढ़ें- मां से आखिरी बात और बंद हुआ फोन... फरीदाबाद के BK अस्पताल में बेड से बंधी मिली लाश की हुई पहचान; जांच शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।