विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां से आखिरी बात और बंद हुआ फोन... फरीदाबाद के BK अस्पताल में बेड से बंधी मिली लाश की हुई पहचान; जांच शुरू

By Harendra NagarEdited By: Pooja Tripathi
Published: Tue, 17 Nov 2026 12:37 PM (IST)

फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बेड से बंधे मिले मरीज कपिल की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया ...और पढ़ें

मृतक कपिल की फाइल फोटो।

मृतक कपिल की फाइल फोटो।

HighLights

  1. फरीदाबाद बीके अस्पताल में बेड से बंधे मरीज की मौत।

  2. मृतक की पहचान दिल्ली निवासी 33 वर्षीय कपिल के रूप में।

  3. स्वजन ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया, जांच कमेटी गठित।

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बेड से हाथ-पैर बंधे मिले मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। वह 7 नवंबर को फरीदाबाद से दिल्ली लौटते समय लापता हो गया था।

अब पहचान होने के बाद स्वजन ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शव का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

दो दिन बाद अस्पताल में मिला था कपिल

जानकारी के अनुसार, कपिल आठ नवंबर की रात बीके अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसके हाथ-पैर बेड से बंधे हुए थे। इसका वीडियो भी सामने आया है। इलाज के दौरान 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। हालांकि, उसे किस परिस्थिति में अस्पताल लाया गया और मौत किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है।

मां से आखिरी बार हुई थी फोन पर बात

कपिल रैपिडो में बाइक चलाता था। स्वजन के मुताबिक, सात नवंबर शाम करीब चार बजे उसकी अपनी मां से आखिरी बार बात हुई थी। उसने बताया था कि वह फरीदाबाद में दोस्त से मिलकर दिल्ली लौट रहा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। काफी तलाश के बाद स्वजन ने शाहदरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी थी।

दो महीने पहले हुआ था तलाक

कपिल के चचेरे भाई ईशान मल्होत्रा ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसका तलाक हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह माता-पिता का इकलौता सहारा था। स्वजन का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। यदि समय पर जानकारी मिलती तो वे अस्पताल पहुंचकर उसकी देखभाल कर सकते थे। उन्होंने अस्पताल स्टाफ की कथित लापरवाही को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

सीएमओ ने आरोपों को नकारा, गठित की जांच कमेटी

सीएमओ डा.जयंत आहूजा ने समय पर खाना और दवाइयां नहीं देने के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि मरीज की देखभाल की जा रही थी और अस्पताल लाए जाने के समय उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।

कमेटी यह पता लगाएगी कि मरीज को कितनी देर तक बेड से बांधकर रखा गया और इलाज के दौरान सभी जरूरी सावधानियां बरती गईं या नहीं। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वजन ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच कमेटी की रिपोर्ट से ही कपिल की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 14 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव; काम पर गए थे माता-पिता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।