छठ महापर्व से फरीदाबाद की अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार, व्यापारियों के चेहरे पर आई रौनक
फरीदाबाद में छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ अर्थव्यवस्था को भी गति देता है। दो दिनों में 100 से अधिक ...और पढ़ें

छठ महापर्व से फरीदाबाद की अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
छठ महापर्व से फरीदाबाद की अर्थव्यवस्था को मिलती है गति।
दो दिन में ढाई से तीन करोड़ का कारोबार होता है।
छोटे दुकानदारों और अस्थायी बाजारों को मिलता है लाभ।
दीपक पांडेय, फरीदाबाद। लोक आस्था का महापर्व छठ सिर्फ धार्मिक आस्था और परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि औद्योगिक नगरी की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देता है।
अलग-अलग मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, 100 से अधिक आयोजनों और 50 से ज्यादा अस्थायी बाजारों में दो दिन के भीतर ढाई से तीन करोड़ का कारोबार होता है। इसमें छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारियों तक की भागीदारी रहती है।
आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार
औद्योगिक नगरी में पांच लाख से अधिक प्रवासी रहते हैं, जो छठ महापर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही बाजारों में भी रौनक बढ़ जाती है।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 से अधिक जगहों पर छठ पूजन सामग्री के बाजार सजते हैं। इन बाजारों में फल, सूप, दौरा, नारियल, गन्ना, दीया, मिट्टी के बर्तन, फूल-माला और अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी होती है।
बढ़ती है दुकानदारों की आमदनी
इससे रेहड़ी-पटरी संचालकों, फल विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों की आमदनी बढ़ती है। आयोजनों के कारण टेंट, लाइट, साउंड और सजावट का काम करने वाले कारोबारियों को भी बड़े स्तर पर काम मिलता है।
जिले में डबुआ मंडी, सेक्टर-3, प्रैस कालोनी, सराय मार्केट, ओल्ड मार्केट, बल्लभगढ़, सेक्टर-15 सहित अन्य कई जगाहें पर छठ पूजा की सामग्री बिकती है।
छठ महापर्व के दौरान बाजारों में खरीदारों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। पिछले काफी साल से छठ पूजन की सामग्री बेच रहा हूं। दो दिन के भीतर 50 हजार से लेकर एक लाख तक का कारोबार होता है।--ज्ञानपाल, दुकानदार
छठ महापर्व के दौरान बाजारों में भीड़ काफी बढ़ जाती है। हर साल ढाई से तीन करोड़ का कारोबार छठ के दौरान औद्योगिक नगरी में होता है। जिसका सबसे अधिक लाभ छोटे दुकानदारों को मिलता है।--योगेश गुप्ता, प्रधान, सेक्टर-21 मार्केट एसोसिएशन
यह भी पढ़ें- बदलेगा बंगाल के राज्य सचिवालय का रंग, हल्के और गहरे पीले के साथ गेरुआ रंग की भी होगी झलक